एसपी सिंह के नाम पर भाई Pushkar Pushp बड़े जतन से हर साल कार्यक्रम करवाते हैं, लेकिन हर बार एसपी के समकालीन और उन्हें अपना आदर्श मानने वाले संपादक आम दर्शकों और नौजवान पत्रकारों की बची-खुची आस को एक-एक सेंटीमीटर डुबोते जाते हैं। फिलहाल उर्मिलेश जी को छोड़ दें तो विनोद कापड़ी, राहुल देव, नक़वी जी, अजित अंजुम और यहां तक कि निशांत जैसे दुर्घटनावश बने चैनल चंपादक- सब ने मिलकर मीडिया की खराब हालत के लिए नए लड़कों के ''अनपढ़'' होने को आज जिम्मेदार ठहरा दिया।
आप लोगों को शर्म नहीं आती? नए लड़कों के ''अनपढ़'' होने का जिम्मा किसके सिर पर है? क्या आपने कभी न्यूज़रूम में भाषा / शैली / खबर / समाज / राजनीति पर कोई ट्रेनिंग चलाई? बाल पकने पर तो सियार भी भगत हो जाता है। इन ''अनपढ़ों'' को कौन रिक्रूट करता रहा? क्यों रिक्रूट करते रहे आप इन्हें? इसीलिए न, कि नया लड़का आपको बाबा समझता रहे और आपकी आत्ममुग्ध समझ को चुनौती न मिल सके? ''पढ़े-लिखे'' लोगों को नौकरी देकर देखिए, दो दिन नहीं सह पाएंगे आप। आप ही के बीच से शेष नारायण जी सबसे पहले उठ कर चले गए क्योंकि वे पर्याप्त ''पढ़े-लिखे'' थे फिर भी आपसे ज्यादा उन्होंने भोगा है।
उस पर से तुर्रा ये कि चैनल चलाने के लिए पैसा चाहिए और बकौल अंजुम जी, सबको वैकल्पिक रेवेन्यू मॉडल पर सोचना चाहिए। क्यों सोचें भाई? विटामिन खाओ हमसे और इश्क लड़ाओ शुक्ला जी से? हर हफ्ते आप ही की उम्र और साथ के कुछ ''असफल'' पत्रकार जैसे अनिल चमडि़या, धीरेंद्र झा, राजेश वर्मा आदि पिछले डेढ़ साल से कोऑपरेटिव मॉडल पर चैनल लाने की कोशिश कर रहे हैं, प्रेस क्लब में नियमित मीटिंग करते हैं, लेकिन आपको तो तब पता हो जब दफ्तर में साधु-तांत्रिक को घुमाने से आपको फुरसत मिले। बताइए, अच्छे-खासे अरुण पांडे जी से प्रणाम करवा दिया था जबरिया… बात करते हैं!
खुल तो गई पोल पेड न्यूज़ पर। सबने एक स्वर में मान लिया कि पेड न्यूज़ की रिपोर्ट की खबर इन्होंने नहीं दिखाई, न दिखा सकते थे। अब क्या बचता है बोलने को? कैसे आ जाते हैं आप लोग सार्वजनिक कार्यक्रमों में? आलोक मेहता को देखिए और सीखिए… एक बार हंस की गोष्ठी में गाली खाए तो फिर कभी नहीं उपराए। अब भी सोचिए… मौका है। लड़के बहुत गुस्से में हैं। बस लिहाज करते हैं और इसलिए आप लोगों को बुलाते हैं कि आपसे ही उन्हें सही-गलत जो हो, उम्मीद है। वरना जिस माइक से अनुशासन सिखाने के लिए एक हत्यारे की कंपनी के सीईओ रह चुके राहुल जी छटपटाते रहते हैं, किसी दिन वह माइक शर्मिंदा होकर ऑन होने से खुद ही इनकार कर देगा।
पुष्कर भाई, वैसे तो मुझे डॉक्टर ने कार्यक्रम में जाने को नहीं कहा था, फिर भी एक गुज़ारिश है। कोई प्रच्छन्न एजेंडा ना हो तो एसपी के नाम पर होने वाला कांग्रेस सेवा दल टाइप यह सालाना व्यायाम बंद ही कर दें।
इतना लंबा पढ़वाने के लिए मित्र क्षमा करेंगे।
युवा व तेजतर्रार पत्रकार अभिषेक श्रीवास्तव Abhishek Srivastava के फेसबुक वॉल से.





