एक बार फिर चीन का दुस्साहस सामने आया है। खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 17 जून को चीनी सेना ने लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी सेक्टर के नजदीक चुमुर इलाके में घुसकर नियंत्रण रेखा का उल्लंघन किया था और वहां लगे भारतीय सेना के हाई रेजोल्यूशन कैमरों और भारतीय सेना के बनाए गए कुछ अस्थायी ढांचों को भी गिरा दिया था।
खुफिया विभाग की रिपोर्ट की पुष्टि आईटीबीपी ने भी की है। चीनी सेना ने भारतीय सीमा के घुस वहां बोर्ड लगा दिया था कि आप चीन में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय सीमा में घुसे चीनी सैनिक अच्छी तरह से हिंदी जानते थे, उन्होंने वहां रह रहे लोगों से हिंदी में वह जगह खाली करने को कहा था।
चीन की इस हरकत का खुलासा उस वक्त हुआ है जब भारतीय रक्षा मंत्री चीन की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इसलिए इस दौरान होने वाली बातचीत में यह मुद्दा उठना भी तय माना जा रहा है। पिछले तीन महीने में चीन ने दूसरी बार यह हिमाकत की है। इससे पहले अप्रैल में भी चीनी सेना ने दौलत बेग इलाके में घुस कर अपने कैंप लगा दिए थे।





