आजतक न्यूज चैनल से एक बड़ी खबर है. एक्जीक्यूटिव एडिटर के पद पर कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार शैलेश ने इस्तीफा दे दिया है. कुछ समय पहले उन्हें आजतक के इनपुट हेड के पद से हटाकर आजतक के नए निकलने वाले हिंदी अखबार के लांचिंग की जिम्मेदारी दी गई थी. पर शैलेश ने एक नए ग्रुप के मीडिया विंग का दामन थाम लिया. यह ग्रुप कई नए चैनल्स ले आने वाला है जिसमें न्यूज और एंटरटेनमेंट के चैनल शामिल हैं. करीब आधा दर्जन नए चैनल लांच करने की तैयारी कर रहे इस ग्रुप में शैलेश बतौर सीईओ ज्वाइन करेंगे.
नए ग्रुप का खुलासा नहीं हो सका है पर आजतक से जुड़े कुछ अंदरुनी सूत्र बताते हैं कि शैलेश एचएससीएल ग्रुप के साथ जुड़ने वाले हैं. इस बारे में जब शैलेश से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फिलहाल कोई कमेंट करने से इनकार कर दिया. सूत्र बताते हैं कि शैलेश के आजतक से विदा लेने के बाद उनके कई करीबी लोग भी आजतक चैनल को अलविदा कह सकते हैं. अब आजतक में कयास लगाया जा रहा है कि कौन कौन लोग शैलेश के साथ उनके नए चैनल में जा सकते हैं.
उल्लेखनीय है कि इन दिनों आजतक न्यूज चैनल आंतरिक बदलाव के दौर से गुजर रहा है. पुराने लोगों की जगह नए लोगों को तरजीह दी जा रही है. आजतक छोड़कर गए सुप्रिय प्रसाद को चैनल में ज्वाइन कराया जा चुका है. प्रबल प्रताप सिंह ने आईबीएन7 से इस्तीफा देकर फिर से आजतक में वापसी कर ली है. प्रबल को शैलेश की जगह पर इनपुट हेड बनाया गया. समझा जाता है कि आजतक में अपनी उपेक्षा से नाराज शैलेश ने इस्तीफा देना उचित समझा. प्रिंट मीडिया में करीब पंद्रह वर्ष तक काम कर चुके शैलेश नवभारत टाइम्स, रविवार, अमृत प्रभात जैसे अखबारों में कई तरह की जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं. बिहार के भागलपुर जिले के निवासी शैलेश ने लखनऊ में रहते हुए नवभारत टाइम्स में स्पेशल करेस्पांडेंट, रविवार में स्पेशल करेस्पांडेंट के पद पर काम किया.





