इंटरटेनमेंट साफ्टवेयर एवं पत्रकारिता संस्थान संचालित करने वाली कंपनी एएसआर मीडिया एक चैनल लाने जा रही है. न्यूज एवं करेंट अफेयर्स पर आधारित चैनल 'मीडिया इंडिया' की लांचिंग अगले साल जनवरी में करने की योजना है. इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है. चैनल पर न्यूज बुलेटिन, टॉक शो, फीचर के अलावा चार घंटे बिल्कुल फ्रेश कार्यक्रम दिखाया जाएगा.
चैनल के लिए टीम गठित करने की प्रक्रिया भी लगभग आखिरी दौर में है. चैनल के डिस्ट्रीब्यूशन के लिए डीजी केबल से समझौता हो चुका है. इसके अलावा कई अन्य प्लेटफार्मों पर भी चैनल को दिखाए जाने की कवायद की जा रही है. चैनल टीवी के साथ इंटरनेट और मोबाइल पर भी लाइव देखा जा सकेगा. चैनल के सीईओ सैयद आसिफ जाह बनाए गए हैं. आसिफ पिछले एक दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता एवं फिल्म के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं. वे हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू के अखबारों और चैनलों को अपनी सेवाएं देने के साथ फिल्म के डाइरेक्शन के क्षेत्र में भी काम कर चुके हैं. वे मशहूर फिल्म मेकर सुल्तान अहमद के सहायक के रूप में भी काम कर चुके हैं.
चैनल का कंटेंट हेड शुजा अली को बनाया गया है. शुजा एटीएन नेटवर्क को भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. ये फिल्म डाइरेक्टर के रूप में भी काम कर चुके हैं. वे हाल फिलहाल फीचर फिल्म कुछलोग का निर्देशन कर रहे हैं. एक और फिल्म नर्गिस जल्द ही शुरू करने वाले हैं. शुजा कई डाक्युमेंट्री और एड फिल्म भी बना चुके हैं. यूएई बेस्ड एनआरआई वासी राजा चैनल के मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी देखेंगे. यह चैनल मुंबई बेस्ड होगा. इसके सारे आपरेशन मुंबई से ही संचालित किए जाएंगे.





