गुडगांव से खबर है कि डीएलएफ गोल्फ कंट्री क्लब से टी-शर्ट और कैप मांगने को लेकर गुडगांव में एक अखबार के ब्यूरो चीफ पहले से ही चर्चा का विषय बने हुए थे लेकिन अब एक नई चर्चा उनके साथ और जुड़ गई है. उनके मांगने का यह सिलसिला उत्तर प्रदेश की एक डायमंड कंपनी से भी जारी रहा पर भरपूर दान देकर भी भुगतना पड़ा कंपनी को. बीते मंगलवार को शहर के बड़े होटल में कंपनी ने प्रेस कान्फ्रेंस आयोजित की.
इस प्रेस कान्फ्रेंस में शहर के करीब सभी समाचार पत्रों के पत्रकारों ने हिस्सा लिया. डायमंड कंपनी की तरफ से आए हुए सभी पत्रकारों छायाकारों को गिफ्ट दिया गया. कंपनी की तरफ से गिफ्ट में केसर (सेफरोन) की एक-एक शीशी भी दी गई जिसकी कीमत 2200 रुपये की बताई जा रही है. इसे शीशी को देखने के बाद एक अखबार के ब्यूरो प्रमुख को लालच आ गया और उन्होंने कंपनी से चार शीशी की मांग कर दी.
कंपनी ने यह मांग भी पूरी कर दी लेकिन अगले दिन कंपनी की न्यूज नहीं छपी. बताया जा रहा है कि इस संबंध में कंपनी की तरफ से ब्यूरो प्रमुख को न्यूज छापने के लिए बोला गया लेकिन दो दिन बाद भी न्यूज नहीं छापी गई. अब कंपनी 4 केसर की शीशी देकर परेशान है. कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि चार शीशियों की कीमत 8800 रुपये है और ब्यूरो चीफ को गिफ्ट देने के बजाय इतने पैसा विज्ञापन इस अखबार को दे देते तो न्यूज आसानी से प्रकाशित हो जाती. (कानाफूसी)





