गोरखपुर। विदेशी रिवाल्वर की लालच ने गोरखनाथ थाना क्षेत्र के रमेश चन्द भट्ट को मुश्किल में डाल दिया है। डीएम ने अब दूसरे की जब्त की गई इस रिवाल्वर को लौटाने के अलावा उनके खुद का लाइसेंस निरस्त कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है। डीएम ने यह कार्रवाई अनधिकृत तरीके से एक ही लाइसेंस पर डेढ़ दशक से दो रिवाल्वर रखने पर की। यही नहीं डीएम ने बिना प्रशासन की अनुमति के रिवाल्वर गिरवी रखने वाले का भी लाइसेंस निरस्त करने के लिए बस्ती प्रशासन को पत्र लिखने को कहा है।
दरअसल बस्ती जिले के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के कन्हैया लाल अग्रहरी ने 18 साल पहले अपनी इंग्लैंड की बनी वेब्ले स्कॉट रिवाल्वर जिले के गोरखनाथ थाना क्षेत्र के उत्तरी जटेपुर निवासी रमेश चन्द भट्ट के पास गिरवी रख दी थी। करीब डेढ़ दशक बाद उसने रमेश से रिवाल्वर वापस मांगी तो उन्होंने उसे देने से इंकार कर दिया। पहले तो वह दौड़ता रहा लेकिन जब बात बनती नहीं दिखी तो उसने इसकी शिकायत जिला प्रशासन से कर दी। डीएम ने दोनों को तलब किया तो पता चला कि रमेश के पास खुद की एक लाइसेंसी रिवाल्वर है जिसका लाइसेंस 28 जुलाई 1994 को जारी हुआ था। इसी लाइसेंस पर उसने कन्हैया की गिरवी रखी विदेशी रिवाल्वर भी रखा था।
इस पर डीएम ने एसएसपी शलभ माथुर को पत्र लिखकर रमेश चन्द भट्ट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के अलावा बिना प्रशासन की अनुमति के रिवाल्वर गिरवी रखने पर कन्हैया के खिलाफ भी कार्रवाई करने के लिए बस्ती प्रशासन को पत्र लिखने का निर्देश दिया है। बता दें कि यह मामला सीओ गोरखनाथ के पास भी जा चुका है। वह इसकी जांच कर रहे हैं। (अमर उजाला)





