साईं प्रसाद मीडिया ग्रुप ने विस्तार के क्रम में यूपी-यूके यानि उत्तर प्रदेश – उत्तराखंड और बिहार – झारखंड के लिए अलग-अलग रीजनल न्यूज चैनलों की लांचिंग की घोषणा की है. न्यूज एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश -उत्तराखंड चैनल के लिए चैनल हेड योगेश मिश्रा को बनाया गया है जो फिलहाल न्यूज एक्सप्रेस के नेशनल चैनल के यूपी ब्यूरो चीफ हैं. इसी तरह न्यूज एक्सप्रेस बिहार-झारखंड न्यूज चैनल के लिए विकास झा को चैनल हेड घोषित किया गया है. इनका सहयोग करेंगे दीपक अंबष्ट.
विकास झा फिलहाल न्यूज एक्सप्रेस के बिहार ब्यूरो चीफ हैं और दीपक अंबष्ट को हाल में ही झारखंड का ब्यूरो चीफ बनाया गया. साईं प्रसाद मीडिया की तरफ से फिलहाल मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ रीजनल न्यूज चैनल व महाराष्ट्र केंद्रित मराठी न्यूज चैनल लांच करने की प्रक्रिया जारी है. इन दो न्यूज चैनलों को लांच किए जाने के ठीक बाद यूपी-यूके और बिहार-झारखंड के लिए रीजनल न्यूज चैनल लांच करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
सभी न्यूज चैनलों की स्मूथ लांचिंग व संचालन के लिए कोआर्डिनेशन व स्ट्रेटजिक प्लानिंग का काम प्रसून शुक्ला को सौंपा गया है. प्रसून शुक्ला को सभी चैनलों के हेड रिपोर्ट करेंगे. साईं प्रसाद मीडिया की तरफ से अभी कल ही वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक के ग्रुप से जुड़ने की घोषणा की गई. वैदिक को साईं प्रसाद मीडिया का चीफ कंसल्टिंग एडिटर बनाया गया है.
वैदिक के पहले एसएन विनोद ने साईं प्रसाद मीडिया ग्रुप ज्वाइन किया. धीमी गति से और धैर्य के साथ विस्तार करने की रणनीति पर अमल करते हुए साईं प्रसाद मीडिया ने देखते ही देखते मीडिया में अच्छा खासा दखल बना लिया है. इस ग्रुप ने संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में वह बड़े मीडिया हाउसों से दो-दो हाथ करने के लिए तैयार है. माना जा रहा है कि साईं प्रसाद मीडिया ग्रुप निकट भविष्य में कुछ और बड़े नामों को अपने साथ जोड़ेगा. फिलहाल तो मीडिया के लोग साईं प्रसाद मीडिया की तरफ 'तेल और तेल की धार देखो' के अंदाज में चुपचाप देख रहे हैं.
मीडिया जगत की सूचनाएं भड़ास तक [email protected] के जरिए पहुंचा सकते हैं.
संबंधित खबर..





