: पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर एवं गोवा में एक चरण में होगा चुनाव : नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है. साल 2012 में पांच राज्यों में एक साथ ही चुनाव कराए जाएंगे. इन सभी राज्यों में 28 जनवरी से लेकर 3 मार्च तक चुनाव कराए जाएंगे. मतगणना 4 मार्च को होगी. जिन पांच राज्यों में अगले साल चुनाव होने हैं वे हैं- उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखण्ड, गोवा और मणिपुर. मुख्य निर्वाचन आयुक्त एस. वाई. कुरैशी ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में चुनाव की तारीखों की घोषणा की. चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है.
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान सम्पन्न होंगे. पहले चरण का मतदान 4 फरवरी, दूसरे चरण का 8 फरवरी, तीसरे चरण का 11 फरवरी, चौथे चरण का 15 फरवरी, पांचवें चरण का 19 फरवरी, छठे चरण का 26 फरवरी और सातवें और अंतिम चरण का 28 फरवरी को होगा. यूपी में 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे, जिसमें 11,19,16,689 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. उत्तर प्रदेश में 128112 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं
पंजाब और उत्तराखंड में 30 जनवरी को एक चरण में ही चुनाव होंगे. पंजाब में 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे, जिसमें 1,74,33,408 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. वहीं उत्तराखंड में 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे, जिसमें 5,74,0,148 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मणिपुर में 28 जनवरी को चुनाव होगा तथा गोवा में 3 मार्च को वोट पड़ेंगे. मणिपुर में 60 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे, जिसमें 16,77,270 वोटर मतदान में भाग लेंगे. गोवा में 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे, जिसमें 10,11,673 मतदाता वोट डालेंगे.
पंजाब में 19724 मतदान केंद्र तथा उत्तराखंड में 9744 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे. मणिपुर में 2325 मतदान केंद्र तथा गोवा में 1612 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे. सभी पांच राज्यों की मतगणना 4 मार्च को एक साथ होगी. एसवाई कुरैशी ने इस अवसर पर कहा कि चुनाव के दौरान एक कॉल सेंटर भी बनाया जाएगा, जो चौबीसों घंटे काम करेगा और जिसका नम्बर होगा 1950. उन्होंने कहा कि 1950 को ही निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी. इस नम्बर पर चुनाव से संबंधित कोई भी जानकारी या शिकायत दी जा सकेगी. चुनाव के दौरा सभी राज्यों में ईवीएम का प्रयोग किया जाएगा.





