बरेली से सूचना आ रही है कि सैकड़ों डाक्टरों ने अमर उजाला के आफिस पर धावा बोल दिया. इन डाक्टरों ने तोड़फोड़ की भी कोशिश की. ये सभी डाक्टर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, बरेली शाखा के बुलावे पर इकट्ठे हुए और अमर उजाला पहुंचे. सूत्रों का कहना है कि अमर उजाला अखबार एक निजी अस्पताल में हुए दुष्कर्म की घटना पर लगातार खबरें छाप रहा था. बरेली के गंगाशील अस्पताल में वहीं कार्यरत एक महिला कर्मचारी की बेटी के साथ वहीं के एक अन्य पुरुष कर्मचारी ने दुष्कर्म किया था.
दुष्कर्म की शिकार युवती भी उसी अस्पताल में काम करती थी. आरोप है कि अस्पताल का मालिक आरोपी पुरुष कर्मचारी को बचा रहा था और पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रहा था. अमर उजाला ने इस प्रकरण को प्रमुखता से उठाना जारी रखा. अस्पताल का मालिक पूरे प्रकरण को आईएमए के पदाधिकारियों के पास ले गया. आईएमए वालों ने बजाय दोषी को सजा दिलाने के, खबरें छाप रहे अमर उजाला को ही निशाना बना लिया. इसी क्रम में आईएमए की तरफ से बुलाई गई बैठक के बाद सैकड़ों डाक्टरों ने अमर उजाला आफिस पर आज देर रात धावा बोल दिया. इस प्रकरण की ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है.





