झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकार हिमांशु शेखर चौधरी को अपना राजनीतिक सलाहकार नियुक्त किया है। झारखंड के गोड्डा जिला के मोतिया ग्राम निवासी स्वर्गीय प्राणधन चौधरी के पुत्र हिमांशु शेखर चौधरी को बतौर राजनीतिक सलाहकार प्रधान सचिव स्तर का वेतनमान एवं अन्य सुविधाएं देने की अनुशंसा की गयी है। नियुक्ति की अधिसूचना राज्य सरकार द्वारा जारी कर दी गयी है। हिमांशु शेखर चौधरी मूलत: पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं।
1992 से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद ये 2008 तक मुख्यधारा की पत्रकारिता से जुड़े रहे। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सम्पादक स्तर के पद तक पहुंचे। इसके अलावा इन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लघु फिल्मों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। इसके साथ ही वह विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में आलेख लिखते रहे हैं। 2008 में श्री शिबू सोरेन के मुख्यमंत्री बनने पर हिमांशु शेखर चौधरी को दिल्ली में मुख्यमंत्री का राष्ट्रीय मीडिया सलाहकार नियुक्त किया गया था। 2009 के विधानसभा चुनाव के बाद श्री शिबू सोरेन के मुख्यमंत्री बनने पर हिमांशु शेखर चौधरी को उनका सलाहकार नियुक्त किया गया था।





