उथल-पुथल से घिरे श्री न्यूज चैनल से बड़ी खबर आ रही है कि इस चैनल के सीईओ आलोक अवस्थी ने इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने कल प्रबंधन को अपना रिजाइन लेटर सौंप दिया. उन्होंने एक नए प्रोजेक्ट के लिए श्री न्यूज चैनल को टाटा बाय बाय बोला है. चर्चा है कि आलोक जल्द ही एक नया चैनल लेकर मार्केट में आ सकते हैं.
आलोक अवस्थी के नेतृत्व में ही श्री न्यूज चैनल की लांचिंग हुई थी. पिछले दिनों श्री न्यूज से बड़े पैमाने पर लोगों की छंटनी हुई थी. करीब सौ मीडियाकर्मी श्री न्यूज से हटाए गए. इस बड़ी छंटनी के बाद अब आलोक अवस्थी ने श्री न्यूज को गुडबाय बोल दिया है. अभी यह पता नहीं चल पाया है कि श्री न्यूज का दशा-दिशा क्या होने वाली है. क्या यह चैनल भी जिंदगी-मौत के बीच झूलता रहेगा या फिर इसका उद्धार किया जाएगा?
बताया जाता है कि चैनल प्रबंधन को समझ में आ गया है कि न्यूज चैनल से उन्होंने जो पाने की कोशिश की थी, वो न मिल सका, उल्टे काफी पैसा इसमें लग गया. रीयल इस्टेट के कामकाज के जरिए खूब पैसा इकट्ठा करने वाले इस चैनल के मालिक ने अब अन्य मुनाफा देने वाले धंधों की तरफ रुख कर लिया है. कहा जा रहा है कि श्री न्यूज प्रबंधन इन दिनों उत्तर प्रदेश की सपा सरकार से दोनों हाथ फायदा लेने के मूड में है. कुछ नए प्रोजेक्ट इस समूह को मिल भी चुके हैं.






