जालंधर में आठ अक्टूबर को हुए भट्ठा मालिक बहादुर सिंह की हत्या की गुत्थी को जालंधर पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने इस मामले में हिंदी अखबार दैनिक भास्कर के पत्रकार और उसके साथी को गिरफ्तार किया है. एसएसपी देहात हरदयाल सिंह मान ने एक पत्रकार सम्मलेन के दौरान बताया कि पत्रकार हरभजन सिंह के सतबीर कौर नाम की एक महिला से प्रेम सम्बन्ध थे.
सतबीर कौर के साथ भट्ठा मालिक बहादुर सिंह सम्बन्ध बनाने की कोशिश कर रहा था. इसी कारण उसकी हत्या कर दी गयी. इस तरह कमबख्त इश्क ने एक पत्रकार को कातिल बना डाला. यह मामला जालंधर के गाँव कोटला का है. बहादुर सिंह इसी कोटला गाँव मे ईंट भट्टा चलाता था. पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि सतबीर कौर पर बुरी नज़र रखता था बहादुर सिंह. सतबीर के प्रेमी पत्रकार हरभजन सिंह ने अपने साथी विक्रमजीत के साथ मिल कर बहादुर सिंह की गोली मार हत्या कर दी और फिर मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गयी गन और मोटरसाइकिल बरामद कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से पचास से ज्यादा सिम कार्ड बरामद किये हैं. पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि ये लोग इतने सारे सिम कार्ड का इस्तेमाल किस मकसद से कर रहे थे.





