देवरिया : देवरिया सदर रेलवे स्टेशन से सरकारी बाल पुष्टाहार को तस्करी के माध्यम से ट्रेन से बिहार भेजने के मामला एक बार फिर सामने आया है। इस बार 16 बोरी बालपुष्टाहार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर दो से शनिवार को बरामद किया गया है। इस मामले में एस डी एम सदर दिनेश कुमार गुप्त के निर्देश पर राजकीय रेलवे पुलिस में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
गौरतलब है कि इसके पूर्व भी कई बार देवरिया सदर और भटनी रेलवे स्टेशन से बाल पुष्टाहार बरामद किया जा चुका है। लेकिन जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह जो पिछले कई वर्षों से कुण्डली मारकर देवरिया में जमे हुए हैं की लापरवाही एवं मिली भगत से बाल पुष्टाहार की तस्करी पर नकेल नहीं कसा जा सका। अब तक भटनी एवं देवरिया रेलवे स्टेशनों से करीब पचासों बोरा बाल पुष्टाहार बरामद हो चुका है।
इस सम्बन्ध में एस डी एम दिनेश कुमार गुप्त ने बताया कि बिहार में इसकी बड़ी मांग है और बाल पुष्टाहार को दुधारू जानवरों को खिलाया जाता है। उन्होने बताया कि बाल पुष्टाहार की तस्करी में विभाग के लोग एवं कई सफेदपोश शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व एक सौ बोरी बाल पुष्टाहार तरकुलवा थाना अन्तर्गत एक नहर के किनारे छिपा कर रखा गया था जबकि उसके कुछ दिनों पहले एक ट्रैक्टर ट्राली पर 150 बोरी पुष्टाहार लाद कर इसे बिहार भेजा जा रहा था कि पथरदेवा के पास पकड़ लिया गया। हर बार एफ आई आर दर्ज होता है लेकिन विभागीय मिलीभगत से बाद में लीपा-पोती कर दिया जाता है।
देवरिया से ओपी श्रीवास्तव की रिपोर्ट.





