जालंधर से खबर है कि थाना डिवीजन नंबर 5 के अंतर्गत आते बद्री कालोनी में अपनी बेटी को एक्टिवा पर स्कूल बस तक छोड़ने आई एक महिला पत्रकार से बाइक सवार दो झपटमार चेन छीन कर फरार हो गए। महिला पत्रकार ने बहादुरी दिखाते हुए जब उनका पीछा करने की कोशिश की तो झपटमारों ने उस पर पिस्तौल तान दी और फरार हो गए।
पुलिस को दी शिकायत में ऊषा पवार ने बताया कि वह सुबह करीब साढ़े सात बजे अपनी बेटी को बाबू जगजीवन राम चौक तक छोड़ने के लिए जा रही थी जहां पर उसकी बस आती है। उसने बताया कि वह बेटी को उतार कर जैसे ही वापस आने लगी तो बाइक पर सवार दो झपटमार उसके गले से चेन छीन कर फरार हो गए। उसने अपनी एक्टिवा से उनका पीछा करना शुरू किया तो थोड़ी सी आगे जाने पर झपटमारों ने पिस्तौल उस पर तान दी। इसके चलते वह रुक गई और झपटमार फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





