विदेशों में अश्लील (पोर्न) फिल्मों की नायिका और रियलिटी शो बिग बॉस की प्रतिभागी सनी लियोन से जुड़ी शिकायतों के मद्देनजर ब्रॉडकास्टिंग कंटेंट कंप्लेंट काउंसिल (बीसीसीसी) सचेत हो गई है। काउंसिल ने कलर्स चैनल से कहा है कि वह सुनिश्चित करे कि कहीं इस शो केजरिये सनी लियोन अपने असली बिजनेस का प्रचार न करे।
सूत्रों के मुताबिक, बीसीसीसी की बैठक में पिछले शुक्रवार को सनी लियोन से जुड़ी शिकायतों के मुद्दे पर चर्चा हुई। सूचना प्रसारण मंत्रालय ने कुछ शिकायतें बीसीसीसी को भेजी हैं। इनमें सनी लियोन से जुड़ी शिकायतों की संख्या करीब 19 है। एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल सनी लियोन की शो में मौजूदगी को लेकर प्रसारण सामग्री में नियमों के उल्लंघन जैसी बात सामने नहीं आई है।
सनी का पोर्न फिल्मों का कारोबार भी देश से बाहर है और वह परिषद के कार्यक्षेत्र से बाहर है। फिलहाल बीसीसीसी ने कलर्स चैनल को हिदायत दे दी है कि वह बिग बॉस केजरिये सनी को अपने कामकाज के प्रचार की अनुमति न दे। हालांकि अफसरों का ये भी कहना है कि इस निर्देश का मतलब ये नहीं है कि सनी लियोन को शो में भाग लेने की इजाजत नहीं है। साभार : एजेंसी





