चंडीगढ़ से संचालित पंजाब केंद्रित न्यूज चैनल 'डे एंड नाईट' के बारे में सूचना आ रही है कि यह चैनल स्विच्ड आफ हो चुका है. चैनल के संपादक कंवर संधू ने चैनल के दफ्तर में कर्मचारियों की मीटिंग बुलाकर खुद की विदाई का ऐलान किया. संधू ने सभी से नई नौकरी ढूंढ लेने को कह दिया.
संधू ने इस मौके पर एक भावुक विदाई संदेश सुनाया. पिछले दो महीने से अटकी तनख्वाह के बारे में उन्होंने कहा कि यह सभी को कुछ दिनों में मिल जाएगी. बताया जाता है कि चैनल के मालिक और संपादक संधू के बीच बातचीत तक बंद हो चुकी थी. कंपनी के मालिक कंधारी हैं जो पंजाब में कोकाकोला के फ्रेंचाइज़ी धारक हैं. कंवर संधू पर आरोप है कि उन्होंने ऐसे लोगों को चैनल में रखा जिन्हें टीवी नहीं आता था.
बताया जाता है कि चैनल बंद होने से करीब सौ से ज्यादा कर्मचारी सड़क पर आ गए हैं. पंजाब में कई चैनल आए और बंद हुए, जैसे- पंजाब टुडे, चैनल वन, लश्कारा, पंजाबी वर्ल्ड, पीबीसी और डीईटीवी. ताजा नाम डे एंड नाइट चैनल का जुड़ गया है.





