झारखंड बिहार के रीजनल न्यूज चैनल नक्षत्र न्यूज के न्यूज कोआर्डिनेटर राकेश कुमार ने इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपनी नई पारी की शुरुआत रीजनल न्यूज चैनल न्यूज11 के साथ शुरू की है. उन्हें पोलिटिकल एडिटर का पद दिया गया है. राकेश कुमार पिछले 17 साल से इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया से जुड़े हुए हैं. वे हिंदुस्तान हिंदी, टोटल टीवी, साधना न्यूज में भी काम कर चुके हैं.
जी बिजनेस से सूचना आई है कि एंकर कमलदीप ने इस्तीफा दे दिया है. प्रबंधन ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है. इस्तीफे की वजहों का पता नहीं चल सका है. एक अन्य सूचना के मुताबिक अखिलेश शर्मा ने जी बिजनेस से इस्तीफा देकर पाजिटिव मीडिया ग्रुप के साथ नई पारी की शुरुआत की है.
नईदुनिया इंदौर से रायपुर तबादला किए जाने से नाराज रवींद्र व्यास ने नईदुनिया से इस्तीफा दे दिया है. जल्द ही वो दैनिक भास्कर इंदौर ज्वाइन करने जा रहे हैं. नईदुनिया के सिटी पुलआउट के पूर्व प्रभारी शमी कुरैशी जल्द ही दैनिक भास्कर इंदौर करने जा रहे हैं. उन्हें इंदौर से साइडलाइन करते हुए शाजापुर भेज दिया गया था.
नईदुनिया में शोषण शुरू हो चुका है. यहां साढे आठ घंटे तक कार्यालय में रहने का फरमान कंपनी ने सुना दिया है. इसमें ऐसी व्यवस्था की गई है कि तय समयावधि पूरा न होने पर संस्थान तनख्वाह काट लेगा. साथ ही चर्चा है कि है कि जल्द ही नईदुनिया के सभी संस्करणों से छटनी होने वाली है. इसमें बाकी बचे पुराने लोगों और ऐसे लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा, जिनकी परफारमेंस अच्छी नहीं है. इन दिनों नईदुनिया में उन्हीं की सबसे ज्यादा चल रही है जो किसी न किसी के मार्फत आए हैं. बाकियों को महज कामगार माना जा रहा है. हाल ही में नईदुनिया इंदौर से इस्तीफा देकर दिल्ली वापस लौटे एक शख्स के मुताबिक वहां झूठे प्रलोभन देकर काम लिया जा रहा है. खास लोगों के बंदों को पूरी मौज है.





