नई दिल्ली : पत्रकार बनकर उगाही करने वाले दो युवकों को कल्याणपुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ उगाही की कोशिश और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अजीत सिंह उर्फ मनीष सिंह और चांद टांक उर्फ सागर है। ये दोनों मेरठ के रहने वाले हैं। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि शनिवार दिन में करीब 11 बजे दो युवकों द्वारा कल्याणपुरी झुग्गी बस्ती में एक महिला से छेड़छाड़ की सूचना मिली। मौके पर पुलिस पहुंची तो वहां कुछ लोगों ने युवकों को पकड़ा हुआ था।
छानबीन में पता चला कि ये दोनों युवक 31 जुलाई को भी बस्ती में आए थे और फोटो खींचने लगे। जब लोगों ने उनसे सवाल किया तो वे खुद को पत्रकार बताते हुए चले गए। शनिवार को वे फिर पहुंचे और फोटो खींचने लगे। जब एक महिला ने पूछताछ शुरू की तो दोनों युवकों ने पांच हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से मना करने पर दोनों ने महिला को धमकी दी कि वे पत्रकार हैं और रुपये नहीं मिले तो झुग्गी को तुड़वा देंगे। इस बात को लेकर इनके बीच बहस हो गई। इसी दौरान दोनों युवकों ने महिला के कपड़े फाड़ दिए। शोर मचाने पर लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।





