मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के खिलाफ कांग्रेस के आरोपों पर आधारित समाचारों के विगत दिनों हुए प्रसारण पर संबंधित निजी टेलीविजन चैनल ने रविवार को खेद प्रकट किया है। शाम के अपने समाचार बुलेटिन में चैनल ने कहा है कि डॉ.रमन सिंह पर मध्यप्रदेश में कथित रूप में खदानों के आवंटन में अपने प्रभाव का इस्तेमाल किए जाने के कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार साबित होते नजर आ रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री शिवरतन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पर लगाए आरोप साबित नहीं होने से यह साफ हो जाता है कि कुछ लोग षड्यंत्रपूर्वक मुख्यमंत्री को बदनाम करना चाहते थे। भाजपा की सरकार ने ऐसा काम नहीं किया है, जिससे बदनामी हो। शर्मा के अनुसार चैनल द्वारा कहा गया है कि उसने कांग्रेस से इन आरोपों को सही साबित करने वाले साक्ष्य मांगे ,लेकिन कांग्रेस अभी तक एक भी साक्ष्य नहीं दे पाई। चैनल द्वारा यह भी कहा गया कि उसके द्वारा समानांतर रूप से की गई पड़ताल में भी छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के बारे में कोई ऐसा दस्तावेजी सबूत नहीं मिला जिससे कांग्रेस के आरोप सही साबित होते हों।
चैनल ने इस पर अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि उसके द्वारा ऐसी खबरें प्रसारित हुई,जो आरोपों अथवा गलत तथ्यों पर आधारित थी । चैनल ने यह भी कहा कि डॉ.रमन सिंह पर मध्यप्रदेश कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को करीब एक माह गुजर गया है, लेकिन कांग्रेस अपने आरोपों की पुष्टि के लिए कोई आधार अभी तक सार्वजनिक नहीं कर पाई है। आरोप इसलिए भी बेबुनियाद साबित हो रहे है, क्योंकि कांग्रेस ने जिन 920 हेक्टेयर खदानों को आबंटित कराने का आरोप लगाया था। उन कथित खदानों का सही लोकेशन भी अभी तक नहीं बताया जा सका है। साभार : भास्कर
ईटीवी पर प्रसारित खबर देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें – https://www.bhadas4media.com/video/viewvideo/553/–media-world/cm-chhattisgarh-25-12-2011.html





