लखनऊ : उत्तर प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अमर उजाला की लखनऊ वेबसाइट और अमर उजाला समूह की मासिक पत्रिका 'सफलता सामयिकी' का लोकार्पण किया. उत्तर प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अमर उजाला की लखनऊ वेबसाइट लॉन्च की तो उन्हें ये देखकर आश्चर्यजनक खुशी हुई कि कुछ मिनट पहले खींची गई दीपप्रज्ज्वलन की फोटो वेबसाइट पर मौजूद थी।
उन्होंने आश्यर्च से पूछा, 'वाह, आप लोगों ने इतनी जल्दी वेबसाइट अपडेट कर दी? ये फोटो तो इसी मंच की है।' वेबसाइट के बारे में आरंभिक जानकारी हासिल करने के बाद उन्होंने कहा कि वे समय मिलने पर पूरी वेबसाइट देखेंगे। अखिलेश ने सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अमर उजाला की लखनऊ वेबसाइट का लोकार्पण किया।
लखनऊ वासियों और दुनिया भर में बसे लखनऊ के अप्रवासियों के लिए अमर उजाला की ये वेबसाइट तैयार की गई है। इस वेबसाइट पर खबरों के अलावा पाठकों के लिए उपयोगी बहुत सी सामग्री दी गई है। वेबसाइट lucknow.amarujala.com को कंप्यूटर के अलावा टैबलेट और मोबाइल पर देखी जा सकती है। अखिलेश यादव अमर उजाला के प्रतिभा सम्मान समारोह में आए थे और वहीं उन्होंने अमर उजाला की लखनऊ साइट को लॉन्च किया। उनके साथ वरिष्ठ शिक्षाविद प्रोफेसर यशपाल भी मौजूद थे। अखिलेश ने टैबलेट पर वेबसाइट खोलकर उसे लखनऊ की जनता को समर्पित करने के खुश हुए। साथ ही उन्हें आश्चर्य हुआ कि वेबसाइट पर खबरें इतनी जल्दी अपडेट हो रही हैं। उन्हें जब ये जानकारी दी गई तो उन्होंने खुशी जाहिर की। प्रोफेसर यशपाल ने भी कहा, 'बहुत बढ़िया है।' वे भी वेबसाइट के फीचर्स को ध्यान से देखते रहे।
उत्तर प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अमर उजाला समूह की मासिक पत्रिका 'सफलता सामयिकी' का लोकार्पण किया। हिंदी भाषी क्षेत्र के प्रतियोगी परीक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए अमर उजाला की यह नई पेशकश है। उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पूर्व अमर उजाला ने हिंदीभाषी क्षेत्र के सिविल सेवा (आईएएस, आईपीएस आदि ) तथा अन्य ग्रेड – एक की प्रतियोगी परीक्षाओं को ध्यान में रखकर अमर उजाला सफलता की शुरुआत की थी। पत्रिका के संपादक सुदीप ठाकुर के अनुसार, "हिंदी भाषी युवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुई सफलता की कामयाबी के बाद ही अमर उजाला ने सामयिकी का प्रकाशन शुरू किया है। सफलता सामयिकी खासतौर से कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी), बैंकिंग, फॉरेस्ट, रेलवे, शिक्षक भर्ती सहित सभी अहम परीक्षाओं के लिए उपयोगी साबित होगी।"
उनका कहना है कि हिंदी भाषी क्षेत्रों के लिए स्तरीय सामग्री की कमी निरंतर महसूस की जा रही थी, जिसे सामयिकी पूरा करेगी। उन्होंने बताया कि अमर उजाला सफलता की तरह ही सफलता सामयिकी की सामग्री विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों की मदद से तैयार की जा रही है। इस पत्रिका की खासियत बताते हुए उन्होंने कहा कि पत्रिका में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के हल प्रश्न पत्र उत्तर के विश्लेषण के साथ दिए जा रहे हैं। इसके अलावा सामयिकी में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। (अमर उजाला में प्रकाशित खबर)





