नई दिल्ली : खबर की दुनिया से जुड़ने वालों को देश और दुनिया की बुनियादी समझ होनी जरूरी है। उन्हें पता होना होना चाहिए कि उनकी रिपोर्ट का सकारात्मक असर पड़ेगा या नकारात्मक। ये बातें वरिष्ठ पत्रकार कमर वहीन नकवी ने टीवी पत्रकार शिवेंद्र कुमार सिंह की किताब ‘विजय चौक लाइव’ के विमोचन के दौरान कहीं।
इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में एबीपी चैनक के पत्रकार विजय विद्रोही ने पत्रकारिता के स्वरूप और चुनौतियों पर परिचर्चा करते हुए मीडिया की ताकत पर अपनी बात रखी। वहीं वरिष्ठ पत्रकार राहुल देव ने सामयिक परकाशन द्वारा प्रकाशित इस किताब पर कहा कि पत्रकारिता पहले से बेहतर और निडर हुई है। उसमें नवीनता भी आई है। इस मौके पर पत्रकार आशुतोष ने कहा कि उस उपन्यास की खूबसूरती भी है।
उपन्यास के लेखक शिवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इसका मकसद टीवी जगत की पोल खोलना कतई नहीं बल्कि उन बातों और उद्देश्यों को सामने लाना है जिसके लिए मीडिया बना है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार आलोक मेहता ने हिन्दी और अंग्रेजी पत्रकारिता के फर्क पर अपनी बात रखी। इस दौरान मनीषा कुलश्रेष्ठ, प्रियदर्शन, वर्तिका नंदा समेत तमाम पत्रकार और साहित्यकार मौजूद थे। (साभार- हिंदुस्तान)





