एनसीआर में रियल एस्टेट में अरबों का कारोबार करने वाली आम्रपाली ग्रुप के दिल्ली-नोएडा एवं गाजियाबाद के ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग के अफसरों ने एक साथ छापेमारी की। आयकर अधिकारियों को शक है कि इस ग्रुप ने काली कमाई के साथ बोगस निवेश कर रखा है।
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के सौ से ज्यादा ऑफिसर इस कार्रवाई में शामिल थे। छापेमारी से आम्रपाली ग्रुप में हड़कंप का माहौल दिखा। आम्रपाली ग्रुप का लखनऊ में भी रियल स्टेट से जुड़ा कारोबार है। सूचना के अनुसार दिल्ली-नोएडा एवं गाजियाबाद में पड़े छापे में आयकर टीम ने कंपनी के तमाम कागजातों को अपने कब्जे में ले लिया है।
उधर, ऐसा ही छापा रांची और कोलकाता में प्रणामी बिल्डर्स के यहां पड़ा। इसके मालिक विजय अग्रवाल और एक प्रोजेक्ट में पार्टनर समीर लोहिया के ठिकानों पर इनकम टैक्स की कई टीमों ने छापेमारी की। सूत्रों का कहना है कि ये सारी छापेमारी एक बड़े कनेक्शन के भंडाफोड़ के लिए की गई है। बिहार, यूपी और झारखंड में बिल्डरों, मीडिया, नेताओं, अफसरों का एक पूरा गठजोड़ बन चुका है जो पैसे बनाने उगाहने के लिए नियम कानूनों की धज्जियां उड़ा रहा है।





