एक महिला ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को मेल कर दिल्ली के चार कथित पत्रकारों के बारे में शिकायत भेजी है. इस शिकायत में महिला ने काफी कुछ बातें बताई हैं. इस महिला के पत्र के कुछ हिस्से इस प्रकार है- ''सर शहर में कुछ असामाजिक लोगों के विषय में आपको गुप्त सूचना देना चाहती हूँ, दिल्ली में रहने वाले चार शातिर जालसाजों के बारे में मैं आपको कुछ जानकारी दे रही हूँ, महोदय से अनुरोध है की आप इनकी सही जाँच कर समाज के इन भ्रष्ट गुनाहगारों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाही करेंगे, महोदय उपरोक्त आरोपियों के बारे में नीचे कुछ जानकारी दी हुई है.''
महिला ने पत्र में चारों कथित पत्रकारों के नाम और उनके मोबाइल नंबर दिए हैं. फिर आगे लिखा है- ''महानुभाव ये चारों अपने आपको पत्रकार बताते हैं, और लोगों व सरकारी दफ्तरों के अधिकारियों का फर्जी स्टिंग कर उन्हें धमकाते हैं, उनसे लाखों रुपयों की उगाही करते हैं, अगर कोई इसका विरोध करता है तो उसे इंडियन मुजाहिद्दीन के आतंकियों से मरवाने की धमकी भी दी जाती है। जनाब ये महीने में लाखों के वारे-न्यारे कर रहे हैं अपनी आरामदायक गाड़ियों में घूम रहे हैं, और अपने काले कारनामों को लगातार अंजाम दे रहे हैं..। इनमें से दो पर पहले से ही बैंक लूटने और ब्लैक मेलिंग के कई मामले लंबित हैं, जिनमे अब तक इन्हें कोई सजा नहीं मिली है, महोदय इनके कई आपराधिक संगठनों और आतंकियों से भी सम्बन्ध होने का शक है, ये चारों आजकल m.c.d के दर्जनों अधिकारियों से महीने की रंगदारी वसूल रहे हैं, कुछ नामों का ज़िक्र कर रही हूँ…''
महिला ने अपने पत्र में उन पांच अधिकारियों के नाम व मोबाइल नंबर दिए हैं जिनको ये चारों कथित पत्रकार धमकाते और वसूलते हैं. इनमें से ज्यादातर इंजीनियर हैं. महिला ने मेल दिल्ली पुलिस कमिश्नर की आफिसियल मेल आईडी पर भेजी है. देखना है दिल्ली पुलिस इस मामले में क्या एक्शन लेती है.





