एबीपी न्यूज से जुड़े पत्रकार मनु पंवार का पहला व्यंग्य संग्रह ‘खबरदार, राजा दु:खी है' आ गया है। दिल्ली में एक सादे समारोह में जाने-माने व्यंग्यकार आलोक पुराणिक ने इसका विमोचन किया। युवा व्यंग्यकार मनु पंवार का यह व्यंग्य संग्रह हिन्दी अकादमी दिल्ली के सहयोग से अनुज्ञा बुक्स दिल्ली ने प्रकाशित किया है। इस संग्रह मे कुल 56 व्यंग्य है जिनमें विषयों का वैविध्य है।
इस व्यंग्य संग्रह के मुखपृष्ठ के लिए रेखांकन मशहूर कार्टूनिस्ट इरफान ने तैयार किया है। मनु पंवार की यह दूसरी क़िताब है। इससे पहले 2007 में उनकी 'समय से संवाद' नाम की किताब प्रकाशित हो चुकी है जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की चर्चित शख्सियतों के साक्षात्कार हैं।
मनु पंवार का यह पहला व्यंग्य संग्रह जरूर है लेकिन विभिन्न समाचार समाचार पत्रों में नियमित रूप से इनके व्यंग्य प्रकाशित होते रहते हैं। इस विधा में वो तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं। इस संग्रह में शामिल कई व्यंग्य लघु कथाओं के अंदाज में हैं। अपने व्यंग्य में मनु पंवार ने पौराणिक किरदारों, घटनाओं का भी सहारा लिया है लेकिन उनका संदर्भ समकालीन है। उनके सामाजिक, राजनीतिक निहितार्थ हैं।





