यूपी में देवरिया जिला जेल में बन्द पूर्वांचल का एक ईनामी शातिर अपराधी पुलिस कर्मियों की लापरवाही से चलती ट्रेन से हथकड़ी सहित कूदकर कर फरार हो गया। इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक ने तीन सिपाहियों को निलम्बित कर दिया है। बताया जा रहा कि फरार अभियुक्त पूर्वांचल का शातिर अपराधी है तथा इस पर कई जिलों की पुलिस ने ईनाम घोषित कर रखा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार अपराधी द्वारा अपने फरारी के दौरान किसी बड़े अपराध की घटना को अन्जाम भी दिया जा सकता है।
घटना के सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि ने बताया कि सोमवार को अभियुक्त चन्दन सिंह उर्फ देवकीनन्दन सिंह पुत्र दीनानाथ सिंह, निवासी ग्राम कुशहरा, थाना चिलुआताल, जनपद गोरखपुर जिला कारागार, देवरिया में थाना दुधारा, जनपद संत कबीर नगर में पंजीकृत मु0अ0सं0-603/2011 धारा 3/25 आयुध अधिनियम में निरूद्ध था। अभियुक्त चन्दन सिंह उर्फ देवकीनन्दन सिंह को न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, संत कबीर नगर में विचाराधीन उपरोक्त अभियोग में पेशी हेतु मुख्य आरक्षी स0पु0 राजेन्द्र प्रसाद, आरक्षी स0पु0 सुकेश सिंह एवॅ आरक्षी स0पु0 राहुल शर्मा की अभिरक्षा में जिला कारागार, देवरिया से भेजा गया था।
पेशी के उपरान्त उक्त तीनों पुलिस कर्मी अभियुक्त चन्दन सिंह उर्फ देवकीनन्दन सिंह को डेमो पैसेन्जर ट्रेन से लेकर देवरिया आ रहे थे कि जनपद देवरिया की सीमा में बैतालपुर रेलवे स्टेशन एवॅ देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के बीच में एफ0सी0आई0 गोदाम के पास अभियुक्त चन्दन सिंह उर्फ देवकीनन्दन सिंह ने लघुशंका के लिये जाने की बात कही।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार अभियुक्त के स्कोर्ट में लगे आरक्षी सुकेश सिंह एवं राहुल शर्मा अभियुक्त को ट्रेन के शौचालय में लघुशंका के लिये लेकर जाने लगे। ट्रेन के दरवाजे के पास पहुंचते ही अभियुक्त चन्दन सिंह उर्फ देवकीनन्दन सिंह आरक्षी सुकेश सिंह को धक्का देकर सोमवार को समय रात्रि लगभग 8-30 बजे चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। अभियुक्त को पकड़ने हेतु आरक्षी सुकेश सिंह भी चलती ट्रेन से कूद गया, किन्तु अभियुक्त चन्दन सिंह उर्फ देवकीनन्दन सिंह भागने में सफल रहा। अभियुक्त चन्दन सिंह उर्फ देवकीनन्दन सिंह के हाथ में हथकड़ी एवं रस्सी लगी है। चलती ट्रेन से कूदने के कारण आरक्षी सुकेश सिंह के सिर एवं कमर में गम्भीर चोटें आयी हैं जिसे उपचार हेतु मेडिकल कालेज, गोरखपुर रेफर किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के सम्बन्ध में थाना जी0आर0पी0, देवरिया सदर में मु0अ0सं0-113/2013 धारा 223/224 भा0द0वि0 पंजीकृत कराया गया है। अभियुक्त चन्दन सिंह उर्फ देवकीनन्दन सिंह की गिरफ्तारी हेतु जनपदीय पुलिस की टीमें भी लगायी गयी हैं। अभियुक्त चन्दन सिंह उर्फ देवकीनन्दन सिंह को पेशी हेतु ले जाने वाले उपरोक्त तीनों पुलिस कर्मियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलम्बित कर दिया गया है।





