लखनऊ से खबर है कि वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह को कई लोगों ने प्रेस क्लब के ठीक बाहर काफी पीटा. उन्हें सिर में कई टांके आए हैं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है. कई पत्रकारों ने सुरेश बहादुर के यहां जाकर उनकी खैर खबर पूछी. बताया जाता है कि प्रेस क्लब में बैठकी के बाद कहीं जाने के लिए सुरेश बहादुर जब क्लब गेट से बाहर निकले तो वहां चिकन-कबाब आदि की दुकानों के सामने कई लड़कों में विवाद हो रहा था.
बताया जाता है कि ये विवाद खाने पीने को लेकर चल रहा था. इसी दौरान सुरेश बहादुर ने कुछ आपत्ति की तो लड़के उन पर टूट पड़े. उन्हें नाली में गिरा दिया और सिर पर राड से मारा. पूरा सिर फट गया है और शरीर में कई जगह बुरी तरह चोट आई है. इस घटना को लेकर लखनऊ के पत्रकारों में जितने मुंह उतनी बातें सुनाई पड़ रही हैं.
क्लब गेट के बाहर जब सुरेश बहादुर सिंह की पिटाई चल रही थी, उस दौरान क्लब के अंदर कई पत्रकार जमे हुए थे. उन्हें जब इस घटना की खबर की गई तो वो बजाय बचाने के लिए नीचे आने को, वहीं बैठे रहे. जब लोग नीचे आए तब तक हमलावर भाग चुके थे और सारा घटनाक्रम घटित हो चुका था. सुरेश बहादुर सिंह प्रेस क्लब से लंबे समय से जुड़े हुए हैं और उन्हें आसपास सब जानते हैं. पर इतना सब कुछ होने के दौरान कोई उन्हें बचाने नहीं आया. बताया जाता है कि पिटाई करने वाले युवक छात्र थे.





