बिग सीबीएस लव और बिग सीबीएस स्पार्क नामक दो चैनलों को ब्रॉडकास्टिंग कंटेंट कंप्लेंट्स काउंसिल (बीसीसीसी) ने आपत्तिजनक सामग्री दिखाए जाने के चलते जुर्माना लगाया है. टीवी चैनलों की स्व-नियामक संस्था ने दोनों चैनल को निर्देश दिया है कि वे एक सप्ताह तक माफीनामे की पट्टी चलाएंगे. इसके साथ ही संस्था ने सीबीएस लव पर 10 लाख और बिग सीबीएस स्पार्क पर 2.5 लाख रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया है.
सेक्स एंड द सिटी, अमेरिकाज नेक्स्ट टॉप मॉडल और ब्रिटेंस नेक्स्ट टॉप मॉडल कार्यक्रमों में मॉडलों को अश्लील पहनावे में आपत्तिजनक तरीके से दिखाने को लेकर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बिग सीबीएस लव के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज कराई. बीसीसीसी ने इन कार्यक्रमों के वीडियो क्लिप को चौंकाने वाला और आईबीएफ के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन बताया. चैनल ने भी अपनी गलती स्वीकार की है. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सीबीएस स्पार्क पर 2 मई को प्रसारित 'नो लाई' गीत को लेकर शिकायत की थी. बीसीसीसी ने इस पर ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया और तीन दिन तक माफीनामा पट्टी चलाने का निर्देश दिया. इस बीच, बीसीसीसी ने चैनलों को एडवाइजरी जारी कर तेजाब हमले की घटनाओं को लेकर चित्रित कार्यक्रमों में संवेदनशीलता बरतने की सलाह दी है.





