बुलंदशहर : ककोड़ थाना क्षेत्र के चतूरा मार्ग पर पुलिया के समीप शुक्रवार रात स्कार्पियो की टक्कर से दैनिक जागरण के पत्रकार समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे स्कार्पियो चालक को व उसमें सवार एक युवक को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। रात लगभग साढ़े दस बजे दैनिक जागरण के सिकंदराबाद प्रतिनिधि सूबरा गांव निवासी प्रबल प्रताप सिंह अपने साथी सूबरा निवासी लखपत सिंह व अजयनगर निवासी सुबोध के साथ सिकंदराबाद से सूबरा लौट रहे थे।
बताया जाता है कि तीनों अलग-अलग बाइक पर थे। सूबरा गांव के समीप ही चतूरा-विजयनगर गांव की पुलिया के पास तीनों बाइक खड़ी कर बातचीत करने लगे। इसी दौरान नोएडा की तरफ से आई स्कार्पियों ने तीनों को टक्कर मार दी और लगभग 80 मीटर तक तीनों को घसीटती हुई ले गई। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्कार्पियो लेकर भाग रहे चालक को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। उसमें सवार एक अन्य युवक को भी हिरासत में ले लिया। स्कार्पियो पर उत्तराखंड का नंबर बताया जा रहा है। मौत की सूचना मिलते ही तीनों के घरों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने जाम लगाने का प्रयास भी किया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाबुझा कर शांत किया। सीओ गुलावठी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।






