नई दिल्ली: लश्कर-ए-तैयबा के गिरफ्तार आतंकवादी अब्दुल करीम टुंडा को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेशी के लिए ले जाने के दौरान हिंदू सेना के एक कार्यकर्ता ने झन्नाटेदार तमाचा रसीद कर दिया। बताया जा रहा है कि इस शख्स का नाम विष्णु यादव है और वो हिन्दू सेना का अध्यक्ष है। दिल्ली पुलिस ने शिव कुमार राघव और उसके साथी विष्णु गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टुंडा की पेशी से पहले ही कोर्ट के बाहर कथित तौर पर हिंदू सेना के कार्यकर्ता जमा थे और टुंडा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। टुंडा को अदालत में पेशी के लिए लाए जाने के दौरान पहले विष्णु गुप्ता “… आतंकी को फांसी दो” का नारा लगाने लगा और टुंडा के करीब पहुंच गया। उसकी हरकत को देख पुलिस टुंडा का बचाव करने में जुट गई तभी शिव कुमार राघव ने मौका देख कर टुंडा को तमाचा मार दिया। तमाचा मारने के बाद राघव ने कहा, “टुंडा एक आतंकवादी है और उसे फांसी पर लटकाया जाना चाहिए।” गौरतलब है कि लश्कर के आंतकी टुंडा को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी पासपोर्ट के साथ भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया था। पिछले 19 सालों से अलग-अलग देशों में छिपता आ रहा टुंडा आखिरकार दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया।





