मुंबई के परेल इलाके में कल रात जिस 23 वर्षीय महिला फोटो पत्रकार के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया, उसने हाल में ही पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और बतौर प्रशिक्षु फोटो जर्नलिस्ट अपना काम अंजाम देने फील्ड में निकली हुई थी. एक अंग्रेजी पत्रिका में बतौर प्रशिक्षु फोटो पत्रकार काम करने वाली 23 वर्षीय पीड़िता की हालात ‘स्थिर’ बनी हुई है. युवती को अंदरुनी तौर पर काफी चोट आई है. फोरेंसिक दल भी जांच में लग गया है ताकि पुलिस ठोस सुबूत जुटा सके और इस जघन्य अपराध के दोषियों को अधिकतम सजा मिल सके.
इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में किए जाने की पूरी संभावना है. घटना कल शाम करीब छह से 6.30 बजे के आस पास की है, जब पीड़ित लड़की अपने एक साथी के साथ सुनसान पड़े शक्ति मिल्स परिसर में फोटो लेने के लिए गई थी. आरोपियों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच है और वे आस पास के ही इलाके के रहने वाले हैं.घटनास्थल पर मौजूद पीड़िता के साथी के बयान की मदद से ही इन आरोपियों में एक को इतनी जल्दी गिरफ्तार किया जा सका है. उनके बयान के आधार पर तैयार अपराधियों के ‘काफी हद तक सटीक’ स्केच की मदद से एक आरोपी को पकड़ा जा सका.
घटना कल शाम छह बजे के करीब घटी, जब पीड़िता और उसका साथी कुछ तस्वीरें लेने के लिए सुनसान पड़े शक्ति मिल्स परिसर में गए थे. वहां ये आरोपी उनके पास गए और उनमें से एक ने पीड़िता के मित्र से कहा कि कुछ दिन पहले इलाके में हुई एक हत्या में उसका हाथ है. जब पीड़िता के मित्र ने कहा कि वह पहली बार इस जगह पर आया है, तो आरोपी ने एक साथी को फोन किया, जो तुरंत ही वहां पहुंच गया और कहने लगा कि उसे भी हत्या में फोटो पत्रकार के इस साथी के ही हाथ होने का शक हो रहा है. पांच आरोपियों में से दो कुख्यात अपराधी हैं और उनके खिलाफ संपत्ति विवाद के कई मामले दर्ज हैं. आरोपियों का नाम मोहम्मद अब्दुल उर्फ चांद, जबकि अन्य आरोपियों का नाम विजय जाधव, कासिम बंगाली, सलीम और अशफाक बताया है.
इस बीच दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि इस मामले में उन्होंने मुंबई के पुलिस आयुक्त से बात की है. विपक्षी पार्टियों ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए महाराष्ट्र के गृह मंत्री आर आर पाटिल के इस्तीफे की मांग की है. भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगर आप मुंबई में कानून व्यवस्था की स्थिति सुधार नहीं सकते, तो आपको इस्तीफा दे देना चाहिए. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने भी पाटिल के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि बतौर गृह मंत्री राकांपा नेता पूरी तरह असफल साबित हुए हैं.





