मुंबई : प्रिंट और टीवी मीडिया ने गुरुवार को राज्य पुलिस मुख्यालय में बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस का बॉयकॉट कर दिया। पुलिस प्रेस रूम की तरफ से मीडिया को जो एसएसएस आया था, उसके मुताबिक इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को संबोधित करना था। पहले मीडिया को एसएमएस किया गया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस शाम 5 बजे होगी। बाद में एसएमएस से इस कॉन्फ्रेंस का समय शाम 4.30 बजे कर दिया गया। सारे पत्रकार समय से पहले पहुंच गए, लेकिन जब शाम पौने सात बजे तक जब सीएम या गृहमंत्री में से कोई नहीं आया, तो नाराज मीडिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का बॉयकॉट कर दिया।
हाल के वर्षों में मीडिया द्वारा किसी प्रेस कॉन्फ्रेंस के बॉयकाट का यह दूसरा मामला है। कुछ साल पहले जब ए एन राय पुलिस कमिश्नर थे, तो मीडिया ने उस वक्त की मुंबई क्राइम ब्रांच चीफ मीरा बोरवणकर की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का बॉयकॉट कर दिया था। राय ने उन दिनों मीडिया के पुलिस स्टेशनों में जाने पर बैन लगा दिया था। उसके विरोध में मीडिया ने मीरा की प्रेस कॉन्फ्रेंस का बॉयकॉट किया था। वह पूरा मामला तब के महाराष्ट्र के गर्वनर एस एम कृष्णा तक भी पहुंचा था, लेकिन गुरुवार के बॉयकॉट और पहले के बॉयकॉट की आपस में कोई समानता नहीं है। (नभाटा)





