लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बुलदंशहर जनपद में एक पत्रकार शव बोरे में मिला है। यह पत्रकार 23 अगस्त से लापता था। पत्रकार की हत्या करने के बाद शव को बोरे में रखकर सड़क के किनारे फेंक दिया गया था। खुर्जा के पंजाबियान मोहल्ला निवासी 29 वर्षीय पत्रकार जकाउल्लाह 23 अगस्त को किसी काम से खुर्जा नगर कस्बा गए थे। इसके बाद वह लापता हो गए। घरवालों ने रात भर इधर-उधर काफी तलाशा पर पता नहीं चल सका। 24 अगस्त को परिवार के लोगों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली देहात थाने में दर्ज कराई।
रविवार की सुबह जकाउल्लाह का शव नेवला गांव के पास सड़क किनारे बोरे में पड़ा मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जकाउल्लाह की हत्या का अंदेशा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जकाउल्लाह की हत्या से पत्रकारों में रोष है। यूपी में पत्रकारों पर हमले और उन्हें फर्जी फंसाने के मामले तेजी से बढ1े हैं। इसके पहले इटावा में भी एक पत्रकार की हत्या हो चुकी है।






