कोडरमा। झारखंड में पत्रकारिता एक बार फिर दागदार हुई है। यहां कोडरमा में एक न्यूज चैनल के संवाददाता मनोज कुमार सिंह पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगा है। कोडरमा के एक उद्योगपति उमेशचंद्र अग्रवाल ने मनोज सिंह पर 50 हजार रुपये बतौर नजराना मांगने का आरोप लगाते हुए कोडरमा उपायुक्त शिवशंकर तिवारी से लिखित शिकायत की है। बताया गया कि मनोज ने उक्त उद्योगपति के एक बागीचे में कुछ पेड़ों के काटे जाने का विजुअल अपने कैमरे में कैद किया था।
बस इसी बात को आधार बनाकर मनोज ने उमेशचंद्र अग्रवाल को फोन पर खबर चला देने की धमकी दे रहा था। उमेश के मुताबिक यह पत्रकार साधना न्यूज चैनल से जुड़ा हुआ है। यह पत्रकार इस खबर की एवज में उनसे 50 हजार रुपए की मांग कर रहा था। फोन पर बार-बार की धमकी से तंग आकर उमेशचंद्र अग्रवाल ने स्थानीय डीसी से इस बात की शिकायत की। साथ ही लोकल स्तर पर तमाम मीडिया को भी इस बात से अवगत करवाया।
गौरतलब है कि पूर्व में कोडरमा में साधना न्यूज का एक अलग ही क्रेज रहा है। खास कर निरुपमा प्रकरण में यहां साधना न्यूज ने खूब सुर्खियां बटोरी थी। हालांकि उस समय कोडरमा में साधना न्यूज की कमान एक अनुभवी पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव के हाथों में थी, लेकिन कुछ ही समय के बाद आशुतोष ने साधना से रिजाइन करके गिरिडहि में अपना एक लोकल चैनल चलाने लगे। तब से साधना की बागडोर मनोज देख रहे थे। मनोज पर शुरुआती दौर से ही तमाम आरोप लगते रहे हैं। मनोज कोडरमा प्रेस क्लब का उपाध्यक्ष भी है। इस तरह के गंभीर आरोप से न सिर्फ पत्रकारिता के पेशे को धब्बा लगा है। इस खबर को दैनिक जागरण ने भी प्रकाशित किया है.






