गोपीगंज (भदोही) : सोशल मीडिया के माध्यम से हक की लड़ाई लड़ने वाली डिंपल मिश्रा को नगर में सम्मान के साथ सहयोग प्रदान किया गया। आदर्श अतिथि भवन गोपीगंज में हर्षवर्धन सेवा समिति गोपीगंज द्वारा समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें पुत्री आंचल के साथ शामिल डिंपल मिश्रा को उसकी लड़ाई में सहयोग का भरोसा दिलाते हुए उपस्थित लोगों ने भरपूर सहयोग भी दिया। समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ करते हुए मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रहलाद दास गुप्त ने डिंपल मिश्रा की सराहना की कहा कि अपने हक की लड़ाई लड़ कर महिलाओं में जागरुकता पैदा की है।
समाज में पीड़ित ऐसी हर एक महिलाओं के सहयोग का आह्वान किया। युवा समाजसेवी राजेश मिश्र राजन ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम व सहयोग से मासूम बेटी आंचल को पिता का हक दिलाने का आवाज बुलंद कर डिंपल ने एक मिशाल कायम किया है। उसकी लड़ाई में सहयोग का भरोसा दिलाते हुए लोगों से कहा कि हर व्यक्ति को पीड़ित महिलाओं
की मदद के लिए आगे आना होगा। समारोह में शामिल उच्च न्यायालय के अधिवक्ता आनंद पांडेय ने भी हक की लड़ाई में सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही लोवर कोर्ट के फैसले के बाद आगे की लड़ाई नि:शुल्क लड़ने की घोषणा की।
इस अवसर पर जिला योजना समिति की सदस्य महिला सभासद सपना दुबे ने नगर की जागरुक महिलाओं की ओर से सहयोग का संकल्प दोहराया कहा कि महापंचायत व जनता से न्याय प्राप्त कर चुकी डिंपल मिश्रा को न्यायालय से भी न्याय मिलेगा। आगे की लड़ाई में संस्था के लोगों की पूरी सहभागिता देगी। इस दौरान संस्था की ओर से आर्थिक सहयोग के लिए चेक प्रदान किया गया। समारोह में उपस्थित अन्य लोगों ने भी भरपूर सहयोग किया। इस अवसर पर राघवेंद्र सिंह, योगिता हेमकर, शकुंतला देवी, संजय तिवारी, विभूति नारायण सिंह, शंकराचारी दुबे, धर्मेन्द्र द्विवेदी, धर्मेन्द्र दुबे, धर्मराज दुबे समेत अन्य थे। समारोह का शुभारम्भ राजेश परदेशी के सरस्वती वंदना के साथ हुआ। (साभार- दैनिक जागरण)





