औरैया के बीहड़ क्षेत्र में पुलिस की नाकामियों को उजागर करने वाले एक पत्रकार को दिन दहाडे पुलिस जिप्सी से रौदने की असफल कोशिश की गई है। गनीमत रही कि पत्रकार ने पुलिस की मन्शा भांप खड्ड में बाईक डालकर जैसे तैसे जान बचाने में सफलता पा ली वरना इटावा में पत्रकार की हत्या के महज कुछ घण्टों के अन्तराल पर औरैया में भी एक पत्रकार की हत्या को दुर्घटना का रूप देने में देर नहीं थी।
घटनाक्रम के अनुसार पीड़ित पत्रकार हरेन्द्र राठौर अपने साथी पत्रकार अभय सिंह राजावत के साथ औरैया जनपद के थाना अयाना क्षेत्र में शनिवार प्रातः घटित स्कूली छात्रा के साथ असफल रेप के प्रयास की घटना को कवरेज करने अपने निजी बाईक से जा रहे थे। जैसे ही वह अयाना – सेंगनपुर मार्ग पर स्थित जीआईसी इंटर कालेज से आगे बढ़े तभी सामने से रही पुलिस जिप्सी के चालक ने तेजी से रफ्तार बढ़ाते हुये बाईक सवार पत्रकारों को कुचलने का दुःसाहस कर डाला। मगर जिप्सी चालक की मंशा भांप पत्रकारों ने बाईक को विवश होकर सड़क किनारे खड्ड में डालकर जैसे तैसे अपनी जांन बचायी।
पुलिस जिप्सी तेज रफ्तार के साथ आगे निकल गई। घटना से अन्जान पत्रकारों को उस वक्त गहरा आश्चर्य हुआ कि जब गाड़ी में बैठे थाना अध्यक्ष राजा दिनेश सिंह ने भी चालक से गाड़ी रोकने व खड्ड में गिर पड़े पत्रकारों से हालचाल पूछना भी मुनासिब नहीं समझा। कल्पतरू एक्सप्रेस अखबार के बीहडी मामलों का कवरेज करने वाले पत्रकार हरेन्द्र राठौर ने सम्बन्धित पुलिस कर्मियों के विरूद्ध कई खबरें छापी जिसको लेकर सम्बन्धित पुलिस कर्मी उन्हें कई बार संकेतों में जान माल की धमकी देते आये हैं। श्री राठौर के साथ घटित घटना को लेकर जनपद भर के पत्रकारों में आक्रोश है। पत्रकारों ने जिलाधिकारी समेत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर घटना का विरोध दर्ज करने का फैसला किया।
औरैया जनपद का थाना अयाना भौगोलिक रूप से दुर्दान्त बीहड़ में स्थित है। यहां पुलिस सांठगांठ से अवैध वन कटान, चम्बल सेन्चुरी क्षेत्र में पुलिस की मिली भगत से मत्स्य आखेट का कारोबार सहित जुआ सटटा शराब जैसे अपराध होते हैं। पुलिस कर्मियों को आये दिन अखबारों की सुर्खियां बनना नागवर लगता है। पिछले दिनों थाने के अन्दर भ्रष्ट पुलिसिया कार्य शैली की विवेचना को उजागर करती खबर का प्रमुखता से प्रकाशित होना व गैर प्रांतों से तस्करी कर लाई गयी शराब के आरोपियों के बचाव को लेकर संकलित समाचार से पैदा हुई पुलिसिया बौखलाहट घटना के पीछे वजह है।
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.