: गोरखपुर में दैनिक जागरण को तबाह करने में जुटे : गोरखपुर से एक बड़ी खबर है. दैनिक जागरण प्रबंधन ने शैलेंद्र मणि का तबादला कानपुर के लिए कर दिया है. शैलेंद्र को फरमान सुना दिया गया है कि आप एक जनवरी से कानपुर में जाकर बैठें. पर शैलेंद्र ने कानपुर जाने से साफ इनकार कर दिया है. वे अब गोरखपुर में ही दैनिक जागरण की क्रब खोदने की तैयारी कर रहे हैं. खबर है कि शैलेंद्र दैनिक जागरण को बाय करके जनसंदेश टाइम्स को गोरखपुर में लाने में जुट गए हैं. चर्चा है उन्हें अखबार का संपादकीय प्रभारी बनाया जा रहा है. हालांकि अभी उन्होंने जागरण से इस्तीफा नहीं दिया है.
बुधवार को गोरखपुर में इस बात की जमकर चर्चा रही. अगर सब कुछ ठीक रहा तो मकर संक्रांति के बाद जनसंदेश टाइम्स गोरखपुर से प्रकाशित होना शुरू हो जाएगा. फिलहाल संभावना है कि एक प्रेस से 5 जनवरी 2012 से जनसंदेश की डमी निकलने लगेगी. शैलेंद्र ने जागरण की अपनी पुरानी टीम से कई लोगों को तोड़ने की कवायद शुरू कर दी है. कई बड़े पत्रकारों से उनकी बात भी हुई है. वो जागरण को झटका देने के लिए साम-दाम-दंड-भेद सब अपनाने में लग गए हैं. कई दूसरे अखबारों के पत्रकार भी उनके संपर्क में हैं.
जानकारी के अनुसार दैनिक जागरण के कार्यालय के बगल में ही स्थित गोकुल मैरिज हाउस में जनसंदेश का आफिस खुल गया है. जनसंदेश टाइम्स को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शैलेंद्र मणि ने दैनिक जागरण में उपेक्षित लोगों को अपना कमांडर बनाने की जुगत में लगे हुए हैं. चर्चा है कि शैलेंद्र मणि ने जागरण के धर्मेंद्र पांडेय, विजय उपाध्याय, आशुतोष मिश्रा, सिद्धार्थ मणि, नजीर मलिक जैसे लोगों को दैनिक जागरण से इस्तीफा देकर जनसंदेश आने को कहा है. हालांकि ये लोग शैलेंद्र मणि की बात को कितना तवज्जो देते हैं ये देखने वाली बात होगी. सुनने में तो यहां तक आया है कि शैलेंद्र ने इलाहाबाद जागरण से अशोक चौधरी, मुरादाबाद जागरण से ज्ञानेंद्र त्रिपाठी को भी गोरखपुर बुलाया है. अन्य जिलों में भी दैनिक जागरण के ब्यूरो प्रभारी शैलेंद्र मणि के संपर्क में हैं.
इधर, जागरण वालों का कहना है कि शैलेंद्र मणि अगर उनकी टीम तोड़ते हैं तो इससे अखबार का ही भला होगा, क्योंकि उन्होंने ज्यादातर ऐसे लोगों को ही भर रखा था, जो काम की बजाय गप्पेबाजी में उलझे रहते थे. चर्चा है कि जागरण से जूनियर लेबल के कई लोग जनसंदेश टाइम्स से जुड़ सकते हैं. गौरतलब है कि जनसंदेश टाइम्स बनारस में भी अपने विस्तार की तैयारियों में जुटा हुआ है. वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि डा. सुभाष राय इस अखबार के प्रधान संपादक हैं. बनारस में संपादकीय प्रभारी आशीष बागची को बनाया गया है. सूत्रों का कहना है कि अबखार जल्द ही इलाहाबाद से भी लांच होने वाला है.





