मुंबई में पिछले हफ्ते गैंगरेप की शिकार हुई 23 वर्षीय फोटो पत्रकार का इलाज कर रहे डाक्टरों ने उसे ‘‘स्वस्थ’’ घोषित करते हुए अस्पताल से छुट्टी दे दी है. पीड़िता को जसलोक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल ने एक बयान में कहा कि मरीज की हालत में लगातार सुधार हुआ और उसका इलाज कर रहे डाक्टरों ने मंगलवार रात बताया कि वह पूरी तरह से स्वस्थ है और उसे छुट्टी दी जा सकती है. इसके बाद उसे देर रात छुट्टी दे दी गई. अस्पताल ने कहा कि मरीज को हर वक्त बेहतरीन चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई. यह बयान जसलोक मेडिकल सेवाओं की निदेशक और कार्यवाहक सीईओ डा. तरंग ज्ञानचंदानी द्वारा जारी किया गया था.
गौरतलब है कि पीड़ित एक अंग्रेजी पत्रिका में इंटर्न है. 22 अगस्त को उसके साथ पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था जब वह अपने एक साथी के साथ ‘‘एसाइनमेंट’’ पर एक खाली मिल परिसर गई थी. इस घटना पर देश भर में आक्रोश व्यक्त किया गया और समाज के विभिन्न वगरें ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों को सख्त सजा दिए जाने की मांग की थी. फोटो पत्रकार के साथ गैंगरेप के संबंध में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को अपराध की कड़ियों को जोड़ने के लिए शक्ति मिल परिसर में ले जाया गया है. सभी पांचों आरोपियों को दोपहर बाद करीब एक बजे घटनास्थल पर ले जाया गया और पुलिस ने हादसे के दिन के घटनाक्रम की उनसे जानकारी मांगी. इस मामले की जांच की निगरानी कर रहे संयुक्त पुलिस आयुक्त हिमांशु राय भी आरोपियों को मिल में लाए जाने के समय वहां मौजूद थे. पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपराध की कड़ियों को जोड़ने के लिए घटनाओं का ताना बाना बुने जाने की वीडियो रिकार्डिंग की जा रही है. सभी पांचों आरोपी सलीम अंसारी, विजय जाधव, चंद बाबू सत्तार शेख, मोहम्मद कासिम हाफिज शेख उर्फ कासिम बंगाली और सिराज रहमान खान मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की हिरासत में हैं.

