आर्यन टीवी, रांची से खबर है कि भुजंग भूषण के इस्तीफा देने के बाद से चैनल की स्थिति पूरे झारखंड में बदतर हो गई है. आफिस में अराजकता जैसी स्थिति है. तो आईआरपीडी ने भी विज्ञापन बंद करने का नोटिस चैनल को दे दिया है. स्ट्रिंगरों का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे वे फीड नहीं भेज रहे हैं. खबरें नहीं चल रही हैं. चैनल के भविष्य को लेकर ही उहापोह की स्थिति बन गई है. पटना से रांची भेजे गए संजय सिंह भी स्थिति संभाल नहीं पा रहे हैं.
स्टेट हेड रहे भुजंग भूषण के इस्तीफा के कुछ दिन बाद ही सहयोगी कर्मियों ने एक संवाददाता नितेश रंजन से मारपीट कर लिया था. नितेश पर आरोप था कि वो अपने महिला सहकर्मियों पर व्यंग्य करने के अलावा सहयोगियों की शिकायत भी प्रबंधन से कर रहे थे. इसके बाद से ही आफिस में लगातार तनाव बना हुआ है. इधर, झारखंड में चैनल का डिस्ट्रीब्यूशन नहीं होने से कहीं दिख नहीं रहा है, जिसके चलते झारखंड के आईआरपीडी विभाग ने चैनल प्रबंधन को प्रचार तथा विज्ञापन भुगतान रोकने का नोटिस दे दिया है. आईआरपीडी ने नोटिस में कहा है कि चैनल झारखंड में कहीं दिख नहीं रहा है इसलिए प्रचार एवं भुगतान रोका जा रहा है.
पिछले दिनों भुजंग भूषण की जगह झारखंड का प्रभार संभालने के लिए भेजे गए संजय सिंह स्थिति को संभाल नहीं पा रहे हैं. कई महीने से पैसा नहीं मिलने से स्ट्रिंगर अलग दबाव बनाए हुए हैं. खबरें नहीं भेज रहे हैं. खबर है कि ट्रैवेल एजेंसी ने भी भुगतान ना होने के कारण रिपोर्टरों के लिए गाड़ी भेजने से इनकार कर दिया है. जहां चैनल का आफिस चल रहा है उसके मालिक ने भी दस जनवरी तक मकान खाली करने का नोटिस भेज दिया है. साथ ही मकान मालिक ने बिजली काटने का भी नोटिस जरी कर दिया है. बताया जा रहा है कि रांची का बुरा हाल पटना में चल रहे गुटबाजी के चलते हैं.

आपसी गुटबाजी के चलते चैनल को रसातल में मिलाया जा रहा है. खबर है कि आजकल चैनल में एचआर हेड निशा का हस्तक्षेप ज्यादा बढ़ गया है, जिसके चलते कर्मचारी और अधिक परेशान हैं. उनका कहना है कि चैनल के एमडी अनिल सिंह भी एचआर हेड की सारी बात सुनते हैं और उसी पर अमल भी करते हैं, जिसके असंतुष्ट लोगों की संख्या तो बढ़ी ही है, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं. पिछले दिनों एचआर विभाग द्वारा उटपटांग ढंग से पीएफ और टीडीएस काटे जाने पर कर्मचारियों ने सीएमडी के खिलाफ पोस्टर लिखकर विरोध भी प्रकट किया था. आयकर विभाग का छापा पड़ने के बाद से चैनल की आंतरिक स्थिति और अधिक गड़बड़ हो गई है.





