: राहत राशि के दुरुपयोग से सपा सांसद नाराज : देहरादून : उत्तराखंड की आपदा में सबसे ज्यादा बढ़-चढ़ कर मदद करने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मदद से अपना हाथ खींच लिया है और फिलहाल राहत की क़िस्त रोक दी है. समाजवादी पार्टी के महासचिव नरेश अग्रवाल ने पत्रकारों से इसका खुलासा करते हुए कहा कि जिस प्रकार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा लोगों द्वारा आपदाग्रस्तों के लिए बाहर से मिलने वाली राहत राशि का दुरूपयोग कर रहे हैं उससे उनके नेता अखिलेश यादव बेहद खफा हैं.
उन्होंने कहा कि जिस तरह बहुगुणा अपनी रूटीन खबरों को भी विज्ञापन के रूप में पांच-पांच मिनट तक टीवी चैनलों में चला कर अपनी छवि सुधार मुहिम में जुटे हैं, वह बेहद निंदनीय है. हम अपने लोगों का पेट काटकर उन लोगों की मदद करना चाहते हैं जिनका आपदा में सब कुछ उजड़ गया है, यह मदद बहुगुणा की छवि सुधार अभियान में खर्च हो, इसको कोई भी स्वीकार नहीं करेगा। अग्रवाल सहित सपा के कई वरिष्ठ सांसद इस मामले में उत्तराखंड के कई सांसदों से आपनी नाराजगी भी जाहिर कर चुके हैं. सूत्रों के अनुसार प्रेस कौंसिल आफ इंडिया भी इन विज्ञापनों को पेड न्यूज के दायरे में रखकर समीक्षा करने में जुट गया है और कांग्रेस हाई कमान के पास भी इस मामले में शिकायतें पहुँचने लगी हैं.
विजेंद्र रावत
पत्रकार
देहरादून