पटना, 31 अगस्त। : बीडी कालेज में छात्र समागम व एबीवीपी के गुंडों द्वारा भगत सिंह के फोटो को जलाने व आयोजित छात्र सम्मेलन पर हमले के विरोध में आज प्रतिरोध मार्च निकाल रहे आज आल इण्डिया स्टूडेन्ट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) की पटना जिला ईकाइ के छात्रों पर सचिवालय डीएसपी मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने आरब्लाक चौराहे पर बर्बर लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज में दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं को गंभीर चोट लगी है। इन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस आशय की जानकारी संगठन के राज्य परिषद सदस्य प्रिंस कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
उन्होंने बताया कि आज इनकम टैक्स गोलंबर के पास से कल हुए हमले के विरोध में संगठन के छात्र प्रतिरोध मार्च निकालकर बीडी कालेज जा रहे थे। इसी बीच आर ब्लाक चैराहे के पास पुलिस ने आयरन गेट को बंद कर दिया। छात्र लगातार गेट खोलने की मांग कर रहे थे। छात्रों का कहना था कि वे बीडी कालेज में हुई घटना के खिलाफ मार्च लेकर बीडी कालेज तक जायेंगे, पर पुलिस ने उनकी एक न सुनी। इसके बाद छात्रों ने आयरन गेट को तोड़ दिया और आगे बढ़ने लगें। तभी सचिवालय थानाध्यक्ष के साथ पुलिसकर्मियों ने आगे बढ़ रहे छात्रों पर लाठी चलाते हुए छात्रों को पुनः आयरन गेट के पीछे कर दिया।
तभी सचिवालय डीएसपी मनीष कुमार भारी मात्रा में पुलिस बल के साथ पहुँचे और छात्रों के साथ गाली-गलौज करने लगे। गाली-गलौज करने से मना करने पर डीएसपी उग्र हो गये और कोतवाली थाना एवं दूसरे थाना की पुलिस को इनकम टैक्स की ओर से बुलवाया और शांतिपूर्ण तरीके के बैठे छात्रों पर बेरहमी से लाठीचार्ज करवा दिया। डीएसपी खुद हैलमेट पहनकर छात्रों को पीटने लगे। वहीं उनके बाडीगार्ड ने प्रदर्शन कर रही छात्राओं के साथ बदसलूकी करते हुए उन्हें खींचकर गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। जब छात्राओं ने विरोध किया तो बाडीगार्ड के साथ अन्य पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को पीटना शुरू कर दिया।
छात्र-छात्राओं को पीटने के बाद डीएसपी ने सड़क पर घसीटते हुए जिप्सी में बैठाकर हवाई अड्डा थाने में बंद कर दिया। पुलिस द्वारा किये गये लाठीचार्ज में संगठन के राष्ट्रीय सचिव विश्वजीत कुमार, राज्य कोषाध्यक्ष सुशील कुमार, पटना जिला सचिव आकाश गौरव, राज्य छात्रा कन्वेंनर मीनू, सागर, निशा, मो. हदीश, अभिषेक, सौरव, आशुतोष, महेश, रूपेश, विकास, गोपाल, अजीत, आशीष, मोनिका, ज्ञानती, पीयूष, कल्पना, प्रिंयका, गोविंद, संतोष, उज्जवल, साज्जन, अमन समेत दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राएं घायल हैं। इन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर हवाई अड्डा थाना में रखा है।
प्रतिरोध मार्च पर लाठीचार्ज व गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत से राष्ट्रीय सचिव विश्वजीत कुमार ने कहा कि शुक्रवार को सम्मेलन पर असमाजीक तत्वों ने हमला किया व आज शांतिपूर्ण प्रतिरोध मार्च पर पुलिस द्वारा बर्बर लाठीचार्ज व गुंडागर्दी देखने को मिला जिसका संगठन ने डटकर मुकाबला किया है। आज हुए घटना के खिलाफ व सचिवालय डीएसपी मनीष कुमार के निलंबन, भगत सिंह के फोटो को जलाने वाले गुंडों की गिरफ्तारी, लाठीचार्ज के दोषी पुलिसकर्मियों पर कारवाई की मांग को लेकर सोमवार को राज्यभर में काला दिवस मनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि गुंडा तत्वों व पुलिसकर्मियों के बर्बर कार्रवाइ के बाद आंदोलन रूकेगा नहीं और तेज होगा।