अमर उजाला से एक बड़ी कानाफूसी बाहर आई है. कुछ लोगों का कहना है कि एक्जीक्यूटिव एडिटर के पद पर कार्यरत राजेश जेटली, जो पूरे ग्रुप के अखबारों-मैग्जीनों की डिजायनिंग, लेआउट आदि के हेड हैं, जल्द इस्तीफा देने वाले हैं. चर्चा है कि वे हिंदुस्तान अखबार का दामन थामेंगे. सूत्रों के मुताबिक यशवंत व्यास के भीमकाय इगो के कारण अमर उजाला में इन दिनों कई वरिष्ठ लोग परेशान हैं. उन्हीं में से एक राजेश जेटली भी हैं. स्वर्गीय अतुल माहेश्वरी के बेहद प्रिय रहे राजेश जेटली के सामने कई बार दूसरे ग्रुपों से आफर आए लेकिन उन्होंने अतुल जी और अमर उजाला के प्रति अपनी निष्ठा के कारण कहीं और जाने से मना कर दिया. वे करीब दस वर्षों से अमर उजाला के साथ हैं.
अमर उजाला, कांपैक्ट आदि के लेआउट व डिजायनिंग को समय-समय पर अपग्रेड करते रहने वाले राजेश जेटली को हिंदी मीडिया जगत के अच्छे डिजायनर्स में माना जाता है. यही कारण है कि जब उनकी प्रतिभा को अतुल माहेश्वरी ने देखा तो उन्हें समय-समय पर जबरदस्त प्रमोशन देकर अमर उजाला के साथ जोड़े रखा. लेकिन राजुल माहेश्वरी की अगुवाई में चल रहे अमर उजाला में अब सब कुछ पहले जैसा नहीं रहा. चीजें निगेटिव शक्ल लेती जा रही हैं. राजेश जेटली अगर इस्तीफा देते हैं तो यह अमर उजाला के लिए बड़ा झटका साबित होगा. राजेश के हिंदुस्तान अखबार में जुड़ने से यूपी में अमर उजाला को खा जाने की हिंदुस्तान प्रबंधन की रणनीति व अभियान को बल मिलेगा. पर यह कनफर्म होना अभी बाकी है कि राजेश जेटली अमर उजाला से इस्तीफा दे रहे हैं या नहीं.





