बाराबंकी। अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ मंत्री आजम खां ने आज कब्रिस्तानों की बाउन्ड्री में पीला ईटा और शराब निर्माण को लेकर सीएनडीएस के डायरेक्टर को फोन पर भारी मजमें में जमकर लताड़ा और कहा कि तुम लोगों की वजह से मेरा मुंह काला हो रहा है। 24 घंटे के अंदर काम ठीक कर लो नहीं तो एजेन्सी बदल दी जायेगी।
मालूम हो वक्फ मंत्री आजम खां आज ग्राम्य विकास मंत्री अरविन्द सिंह गोप की माता शान्ती सिंह जी के निधन पर पुरसा देने व अन्तिम संस्कार में शिरकत करने शहर स्थित कमरिया बाग शमशानघाट पहुंचे। यहां सपा जिलाध्यक्ष मौलाना मेराज, वरिष्ठ सपा नेता हाजी शहाब खालिद एडवोकेट, चौधरी अदनान, विकास यादव ने कब्रिस्तान बाउन्ड्री और आसरा योजना की तारीफ की। वहीं दबी जबान से कब्रिस्तान की बाउन्ड्री में पीला ईटा और खराब निर्माण की बात भी कही।
आजम खान अपने विभाग सीएनडीएस की शिकायत भारी मजमे में सुनकर गम्भीर हो गये। पीआरओ से तत्काल सीएनडीएस डायरेक्टर से बात कराओ का हुक्म जारी किया। पीआरओ ने फोन मिलाकर जैसे ही बात करायी आजम खान का गुस्सा आसमान पर चढ़ गया कहा मैं बाराबंकी में हूं। रायबरेली और बाराबंकी के कब्रिस्तानों में बाउन्ड्री के निर्माण में हो रहे पीले ईंटो और खराब क्वालिटी की मुझे शिकायत मिल रही है। जो मुझे बर्दाश्त नहीं। तुम लोगों की बेईमानी की वजह से मेरा मुंह काला हो रहा जो ठेकेदार काम कर रहा है उसे हटाओ। 24 घण्टे का वक्त देता हूं नहीं तो एजेन्सी बदल दूंगा और खुद जाकर सुढ़ियामऊ व सुबेहा का दौरा करो मुझे रिपोर्ट दो। तुम लोगों की वजह से मुझे शरमिन्दगी उठानी पढ़ती है।
आजम यहीं नहीं रूके बल्कि जोर-जोर से कहने लगे कि मंत्री और विधायक जब ठेकेदारी का काम करेंगे तो क्या होगा। इनसे आप लोगों को कहना चाहिए यह लोग ठेकेदारी न करे। मंत्री और विधायकों की ठेकेदारी और बेईमानी से मैं बहुत परेशान हूं। वहां मौजूद हैदरगढ़ विधायक राममगन रावत से जब पूछा गया आप भी ठेकेदारी करते हैं क्या पर कलीमउद्दीन उस्मानी सपा अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष ने कहा विधायक जी बहुत शरीफ है यह ठेकेदारी नहीं करते। विधायक राममगन मुस्कराये, नहीं-नहीं किया लेकिन आजम खां ने तिरछी निगाहों से विधायक को देखा और आगे बढ़ गये। वहां राजा भैया और आरपी सिंह एक पुराने मकबरे में कुछ बात कर रहे थे।
आजम इनको देखकर आग बबूला हुए और सामने की पतली गली से शमशानघाट से निकलकर लखनऊ रवाना हो गये। वहीं दूसरी तरफ सीएनडीएस के डायरेक्टर से जब मोबाइल नम्बर 9451572022 पर बात हुई उन्होंने कहा कि मैं बाराबंकी पहुंच गया हूं मंत्री जी के निर्देश पर सुबेहा व सुढ़ियामऊ में कब्रिस्तान की बाउन्ड्री का निरीक्षण कर उनको रिपोर्ट प्रस्तुत करूंगा। वहीं दूसरी तरफ सूत्रों के मुताबिक सीएनडीएस के डायरेक्टर शिकायत करने वाले सपा जिलाध्यक्ष मौलाना मेराज और चौधरी अदनान से कई बार फोन करके मिलने के लिए कहा लेकिन उपरोक्त लोगों ने मौके पर जाकर निरीक्षण करने की बात कहकर मिलने से इन्कार कर दिया।
बाराबंकी से रिजवान मुस्तफा की रिपोर्ट.