अमर उजाला, देहरादून में वरिष्ठ पद पर कार्यरत पत्रकार चेतन गुरुंग के बारे में चर्चा है कि उन्हें अमर उजाला से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है. सूत्रों के मुताबिक चेतन गुरुंग के खिलाफ भ्रष्टाचार की कुछ शिकायतों की जांच की जा रही है. प्रबंधन उनका या तो तबादला कर सकता है या फिर इस्तीफा ले सकता है. फिलहाल चेतन गुरुंग अमर उजाला, देहरादून में बने हुए हैं.
सूत्रों का कहना है कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के करीबी पत्रकारों में से माने जाने वाले चेतन गुरुंग ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर सरकार में कुछ उद्यमियों के पेंडिंग पड़े कामों की फाइलों को उचित मुकाम तक पहुंचवाया. कुछ लोगों का कहना है कि चेतन गुरुंग के साथ-साथ एक अन्य वरिष्ठ पत्रकार भी जांच के दायरे में हैं जो इन दिनों फिलहाल तबादले के शिकार होकर देहरादून से बाहर हैं. इस पूरे प्रकरण की आधिकारिक स्तर से पुष्टि नहीं हो पाई है. फिलहाल यह देखना है कि चेतन गुरुंग के खिलाफ चल रही जांच में क्या निकल कर आता है.





