कई लोगों को ठगने और ब्लैकमेल करने वाला फर्जी पत्रकार नागपुर पुलिस की गिरफ्त में आ गया है. यह व्यक्ति खुद को सहारा समय न्यूज चैनल का सब एडिटर बताता था. इसने कई सफेदपोशों को एक्सपोज करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल किया. इसकी शिकायत जब सहारा समय प्रबंधन से की गई तो सहारा समय की तरफ से ही पुलिस में एक शिकायत दर्ज करा दी गई कि कोई व्यक्ति खुद को सहारा समय का पत्रकार बता कर दूसरे लोगों को धमका रहा है.
पुलिस ने शिकायत के बाद जांच व छानबीन शुरू की. और आखिरकार उस फर्जी पत्रकार को पकड़ लिया गया जिसका नाम विश्वनाथ चक्रबर्ती है. यह वेस्ट बंगाल का रहने वाला है. वह नागपुर में पिछले आठ नौ दिनों से है और कई रसूखदार लोगों को टारगेट किए हुआ था. विश्वनाथ इसके पहले कई वर्षों तक मुंबई में था जहां उसने कई लोगों को सफलतापूर्वक ब्लैकमेल किया. विश्वनाथ के पास से फर्जी आईडी कार्ड और विजिटिंग कार्ड वगैरह बरामद किए गए हैं. विश्वनाथ कई शहरों में जाया करता था और खोजी पत्रकारों का नाम लेकर लोगों को ब्लैकमेल करता था. सहारा समय के ब्रांड नाम का दुरुपयोग करने और दूसरों को ब्लैकमेल करने के आरोप में विश्वनाथ को गिरफ्तार करने के बाद उसे जेल भेजा जा रहा है.





