जी ग्रुप के 'जी न्यूज' चैनल से टक्कर लेने और पछाड़ने के लिए जिंदल समूह ने एक नेशनल न्यूज चैनल लाने की तैयारी शुरू कर दी है. यह चैनल हिंदी में होगा और इसके न्यूज डायरेक्टर बनाए गए हैं सतीश के. सिंह. बताया जाता है कि इस नेशनल न्यूज चैनल के लिए भर्तियों का काम शुरू कर दिया गया है. हिंदी टीवी जर्नलिज्म के कुछ बड़े नामों को भी लाने की कोशिश की जा रही है.
बताया जाता है कि पुण्य प्रसून बाजपेयी समेत कई लोगों से जिंदल ग्रुप की तरफ से संपर्क साधा जा रहा है. हालांकि यह मुश्किल दिख रहा है कि पुण्य प्रसून बाजपेयी आजतक जैसे प्रोफेशनल और नंबर वन न्यूज चैनल को छोड़कर जिंदल ग्रुप के नए आ रहे चैनल के साथ जाएंगे. दूसरे न्यूज चैनलों के अच्छे लोगों को भी तोड़ने की कवायद चल रही है. माना जा रहा है कि अगले कुछ हफ्तों में कई उलटफेर देखने को मिलेंगे.
ज्ञात हो कि जी ग्रुप और जिंदल ग्रुप में झगड़े के बाद जिंदल ग्रुप ने भी अपना मीडिया हाउस खड़ा करने का इरादा किया और इसके तहत मतंग सिंह वाले पाजिटिव मीडिया ग्रुप को खरीद लिया. इसी कंपनी के तले एक नेशनल न्यूज चैनल लाया जा रहा है. पाजिटिव मीडिया ग्रुप के अपने कई चैनल पहले से ही हैं.






