: प्रशासन कर रहा आरोपी को बचाने का प्रयास : अंबाला : अंबाला में एक राष्ट्रीय अखबार के पत्रकार पर चार दिन पहले सिविल अस्पताल के डॉक्टर अरुण दलाल द्वारा रिवॉल्वर ताने जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में पुलिस और प्रशासन डाक्टर को बचाने में पूरी तरह लगे हुए हैं। आरोपी डाक्टर दलाल को अब तक गिरफ्तार न किए जाने को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस की ढुलमुल कार्रवाई के खिलाफ गुरुवार को पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त अनंत कुमार ढुल्ल से मुलाकात की।
ढुल्ल ने पत्रकारों को आश्वासन दिया है कि वे इस मामले को पूरी तरह से देखेंगे। वहीं, पत्रकार यूनियन ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पुलिस के खिलाफ आंदोलन चलाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि रविवार रात करीब 9 बजे अंबाला के ट्रॉमा सेंटर में तैनात डॉक्टर अरुण दलाल ने नशे की हालत में दैनिक भास्कर के पत्रकार सनमित सिंह थिंद से हाथापाई की और बाद में उन पर रिवॉल्वर तान दी थी। पुलिस ने पत्रकार की शिकायत पर आरोपी दलाल के खिलाफ आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया था।

सोमवार सुबह जब पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल अंबाला के पुलिस कमिश्नर अनंत कुमार ढुल्ल से मिलने उनके निवास पर गया था तो उन्होंने यह कहकर मिलने से इनकार कर दिया था कि आज छुट्टी है, मंगलवार सुबह 11 बजे आएं। हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के प्रदेश महासचिव सहित अन्य पत्रकारों ने पुलिस आयुक्त को बताया कि इस मामले के जांच अधिकारी किस तरह दलाल के खिलाफ गवाही देने वाले लोगों को धमका रहे हैं। पत्रकारों ने जांच अधिकारी को भी बदलने की मांग की। घटना के पांच दिन होने के बाद भी आरोपी डाक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है।
दूसरी तरफ, अंबाला के डीसी शेखर विद्यार्थी ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने अंबाला के सीएमओ डॉक्टर सतीश अग्रवाल से इस मामले की पूरी रिपोर्ट लेकर आला अधिकारियों को भेज दी है। इस बारे में आरोपी डाक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में अंबाला शहर के विधायक ने भी इस घटना की निंदा की है। पत्रकारों के साथ दूसरे तमाम संगठनों ने भी आरोपी डाक्टर की जल्द गिरफ्तारी न होने की दशा में आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस घटना को लेकर आसपास के जिलों के पत्रकार भी गुस्से में हैं।






