दो पत्रकार न्यायिक हिरासत में : हैदराबाद : एक स्थानीय मजिस्ट्रेट ने आंध्र प्रदेश के पुलिस महानिदेशक वी दिनेश रेड्डी की यहां एक स्थानीय आध्यात्मिक नेता के साथ मुलाकात संबंधी समाचार को प्रसारित करने के संबंध में दर्ज मामले में तेलुगू समाचार चैनल के दो पत्रकारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हुसैनी आलम पुलिस ने आध्यात्मिक नेता के परिजन की शिकायत के आधार पर दोनों पत्रकारों को कल हिरासत में लिया। आध्यात्मिक नेता के परिवार वालों आरोप लगाया है कि चैनल ने उन्हें ‘भूमि पर कब्जा करने और काला जादू करने वाला’ कहकर उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है।
दिनदहाड़े पत्रकार को गोली मारी : टोहाना : शहर के मिलन चौक के पास शुक्रवार दोपहर बाद एक अज्ञात बाइक सवार ने साप्ताहिक समाचार पत्र के संपादक परमिंद्र सिंह लक्की को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया और वहां से उन्हें सिटी मैक्स अस्पताल में दाखिल किया गया। चिकित्सकों ने ऑप्रेशन कर गोली निकाल दी है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। साप्ताहिक समाचार पत्र के समाचार संपादक गुरपाल नैन ने बताया कि दोपहर करीब पौने दो बजे संपादक परमिंद्र सिंह लक्की अपने साथी हरजिंद्र सिंह हांडा के साथ अपनी गाड़ी को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास खड़ी कर पैदल होटल में आ रहे थे। रास्ते में जेम्स हैरिटेज वल्र्ड स्कूल के पास बाइक सवार दो हमलावरों, जिन्होंने हेल्मेट पहन रखे थे उन पर काफी नजदीक से गोली दाग दी।
पत्रकार पर ब्लैकमेलिंग का आरोप : देवास : नगर निगम के आयुक्त ने इंदौर के एक अखबार के पत्रकार द्वारा उन्हें कतिपय कारणों से धमका कर पांच लाख रूपए जबरन मांगने की शिकायत सिटी कोतवाली में की है शिकायतकर्ता निगम आयुक्त का कहना है विगत 6 सितंबर को आरोपित पत्रकार एक अखबार की कटिंग लेकर आए और उनके खिलाफ निरंतर खबरें छापने की धमकी दी और खबर नहीं छापने के एवज में पांच लाख रूपए की मांग की निगम आयुक्त ने इस हरकत को आपराधिक श्रेणी का मानते हुए इसकी शिकायत सिटी कोतवाली को की कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद इंदौर निवासी सूरज उपाध्याय नामक पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।






