विनोद कापड़ी को लेकर कई तरह की चर्चाएं, कानाफूसी सामने आ रही है. कोई कह रहा है फिल्म बनाने जा रहे हैं. कोई कह रहा है एबीपी न्यूज ज्वाइन करेंगे. कोई कह रहा तीन महीने की छुट्टी लेकर कहीं एकांतवास करने जा रहे. कोई कह रहा कुछ नया प्रोजेक्ट ला रहे. पर हर कोई इस बात पर एकमत है कि इंडिया टीवी से विनोद कापड़ी की चलाचली की बेला है.
विनोद कापड़ी के इंडिया टीवी से जाने की खबरें काफी दिनों से चल रही हैं. कई बार ऐसा होता भी है कि सीनियर लेवल पर लोग अपने मालिकों को करीब दो तीन महीने पहले ही बता देते हैं जाने के बारे में या फिर मालिक ही इशारा कर देता है कुछ महीनों में नया ठिकाना खोज लेने के लिए. सो, दोनों पक्ष काम पर रहते हुए भी अपने अपने हित में नई रणनीति बनाने में लगे रहते हैं.
सूत्रों के मुताबिक विनोद कापड़ी का न्यूज चैनल से मन भर गया है. अब वे फिल्मी लाइन में जाना चाहते हैं. प्रसून जोशी से उनका परिचय दोस्ती है. दोनों उत्तराखंड के रहने वाले हैं. दोनों फिल्म को लेकर एक दिशा में काम कर रहे हैं. कहने वाले कहते हैं कि वैसे भी विनोद कापड़ी कभी पत्रकार नहीं रहा. वह न्यूज चैनल की दुनिया में कलाकार किस्म का आदमी रहा है जिसने न्यूज को इगनोर करके नान-न्यूज परोस कर टीआरपी हासिल करने कराने का काम किया. सीरियस जर्नलिज्म से विनोद कापड़ी का कभी नाता या सरोकार नहीं रहा. यही कारण है कि अब वे अपने उचित स्थान फिल्म की ओर प्रस्थान कर रहे हैं. देखना है कि यह कानाफूसी कितनी सच या झूठ साबित होती है.
इस बारे में जब भड़ास4मीडिया के संपादक यशवंत ने विनोद कापड़ी को एसएमएस भेज कर पूछा तो कापड़ी की तरफ से कोई जवाब नहीं आया.





