पी7न्यूज चैनल के साथ सलाहकार संपादक के रूप में जुड़े वरिष्ठ पत्रकार उदय सिन्हा को इसी ग्रुप की हिंदी व अंग्रेजी बिजनेस मैग्जीनों 'मनी मंत्रा' का संपादक भी बना दिया गया है. अवनीश मिश्र के इस्तीफा देने की वजह से संपादक का पद खाली पड़ा हुआ था. उदय सिन्हा कई बड़े अखबारों और चैनलों में वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं.
उधर, बीएजी नेटवर्क से खबर है कि दो साल से सीओओ यानि चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के रूप में कार्य कर रहे अमित कुमार ने अपना इस्तीफा प्रबंधन को सौंप दिया है. अमित इसके पहले इंडिया टीवी में प्रेसीडेंट (बिजनेस डेवलपमेंट) हुआ करते थे. वे स्टार इंडिया और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
जनसंदेश टाइम्स गोरखपुर की हालत दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है. संपादक शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी के लंबी छुट्टी पर जाने के बाद उनकी केबिन में जीएम विनय मौर्या बैठने लगे हैं. इससे माना जा रहा है कि शैलेंद्र मणि ने संस्थान छोड़ दिया है या उनको कार्यमुक्त कर दिया गया है. जनसंदेश टाइम्स गोरखपुर से ही खबर है कि यहां कार्यरत क्राइम रिपोर्टर शिवम सिंह ने इस्तीफा दे दिया है. वे अमर उजाला, गोरखपुर से जुड़ गए हैं.
न्यूज एक्सप्रेस से एचआर मैनेजर सुबोध भारद्वाज के इस्तीफे की सूचना है. शीघ्र लांच होने वाले न्यूज चैनल जिया न्यूज से रजनीश सेट्टी के जुड़ने की जानकारी मिली है. रजनीश न्यूज टुडे और जनसंदेश टाइम्स के साथ भी काम कर चुके हैं.





