दिल्ली जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ने पत्रकारों के उत्पीड़न के खिलाफ 19 सितंबर, 2013 को रायसीना रोड स्थित प्रेस क्लब आफ इंडिया के गेट बाहर एक धरने का आयोजन किया है. यह धरना सुबह 11 बजे से शुरु होकर दोपहर एक बजे तक चलेगा. दिल्ली जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के महासचिव अनिल पांडेय ने बताया कि देश भर में पत्रकारों को उत्पीड़ित किया जा रहा है. शासन तंत्र पत्रकारों पर फर्जी मुकदमें लाद रहा है और जेल भेज कर मीडियाकर्मियों को डराने का प्रयास कर रहा है.
उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश समेत कई प्रदेशों में पत्रकार उत्पीड़न की स्थिति चरम पर पहुंच चुकी है. ऐसे में पत्रकारों को आगे आकर अपनी आवाज बुलंद करना होगा ताकि चौथे खंभे को भयग्रस्त करने की कोशिशों को रोका जा सके और पत्रकारों के उत्पीड़न के लिए जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई को शासन तंत्र को मजबूर किया जा सके.
अनिल पांडेय ने बताया कि इस धरने के बाद प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन देकर उनसे इस संबंध में उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी. उन्होंने धरने में शामिल हो कर पत्रकारों के उत्पीड़न के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने के लिए आम पत्रकारों का आह्वान किया.
प्रेस विज्ञप्ति






